लाहौल-स्पीति, 15 अगस्त 2026। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘PDA शिखर अभियान 2026’ के तहत माउंट यूनाम की 6,111 मीटर ऊंची चोटी पर सफलतापूर्वक पहुंचकर राष्ट्रीय ध्वज और PDA का परचम फहराया गया।
माउंट एवरेस्ट विजेता सागर कसाना के नेतृत्व में विपुल, हर्ष यादव और साहिल ने 8 अगस्त से इस अभियान की शुरुआत की। टीम ने चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ते हुए लगातार ऊंचाई हासिल की और कठिन उच्च हिमालयी परिस्थितियों में स्वयं को अनुकूलित किया। अभियान का अंतिम और सबसे चुनौतीपूर्ण Summit Push 14 अगस्त की रात लगभग 11:30 बजे करीब 17,000 फीट की ऊंचाई पर स्थित Summit Camp से शुरू हुआ।
लगातार लगभग 7 घंटे की कठिन चढ़ाई के बाद टीम सुबह 6:40 बजे माउंट यूनाम के 6,111 मीटर ऊंचे शिखर पर पहुंची और वहां तिरंगा तथा PDA का परचम फहराकर अभियान को सफल बनाया।
माउंट यूनाम हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति क्षेत्र में स्थित एक अत्यधिक ऊंचाई वाला पर्वत है, जहां कम ऑक्सीजन, अत्यधिक ठंड, तेज हवाएं, बर्फीली और तकनीकी चढ़ाई तथा खड़ी ढलान पर्वतारोहियों के लिए बड़ी चुनौती होती है। अभियान के अंतिम चरण में कई स्थानों पर लगभग 75 डिग्री तक की खड़ी चढ़ाई का सामना करना पड़ा।
इस कठिन अभियान के दौरान चारों पर्वतारोहियों को AMS (Acute Mountain Sickness) सहित सिरदर्द, बुखार, उल्टी और भोजन न पचने जैसी स्वास्थ्य चुनौतियों से भी जूझना पड़ा। कई दिनों तक इन कठिन परिस्थितियों का सामना करने के बावजूद टीम ने संयम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प बनाए रखा।
सागर कसाना ने कहा, “जब हौसले बुलंद हों तो मुश्किल से मुश्किल परिस्थितियां भी रास्ता नहीं रोक सकतीं। हमारे लिए यह केवल पर्वतारोहण अभियान नहीं था, बल्कि देश के युवाओं और खिलाड़ियों के सपनों को नई ऊंचाई देने का संकल्प था। 15 अगस्त को माउंट यूनाम की चोटी पर तिरंगा और PDA का परचम फहराना हमारे लिए बेहद गौरवपूर्ण क्षण है।”
PDA शिखर अभियान का उद्देश्य
PDA – Play • Develop • Achieve के माध्यम से इस अभियान का उद्देश्य युवाओं और खिलाड़ियों को खेलों के प्रति प्रेरित करना, उन्हें सम्मान एवं बेहतर अवसर दिलाना और उनकी प्रतिभा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संदेश देना है।
देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर माउंट यूनाम के शिखर से टीम ने संदेश दिया कि भारत का युवा चुनौतियों से लड़कर हर शिखर को हासिल करने का सामर्थ्य रखता है।
अभियान दल ने इस ऐतिहासिक अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के प्रति आभार व्यक्त किया, जिन्होंने PDA शिखर अभियान का शुभारंभ कर टीम को अपना आशीर्वाद और शुभकामनाएं दी थीं।
#PDAशिखरअभियान
दुनियाभर के घुमक्कड़ पत्रकारों का एक मंच है,आप विश्व की तमाम घटनाओं को कवरेज करने वाले खबरनवीसों के अनुभव को पढ़ सकेंगे
https://www.roamingjournalist.com/