- डीजीपी को दिया 72 घंटे का अल्टीमेटम,कानून हाथ में लेने वालो पर हो कारवाई
अशोक झा/ कोलकाता: बारुईपुर में किशोरी के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के मामले को लेकर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी मंगलवार को बारुईपुर पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने पीड़ित परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और मामले की जांच की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजी) सिद्धनाथ गुप्ता भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारियों और क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के साथ भी बैठक की। हालांकि पीड़ित परिवार के साथ उनकी बातचीत का विस्तृत विवरण सार्वजनिक नहीं किया गया है। बताया गया कि बैठक में जांच की दिशा और आगे की कार्रवाई पर विस्तार से चर्चा हुई। बारुईपुर में रविवार को एक किशोरी का शव स्थानीय तालाब से बरामद होने के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया था। पुलिस ने इस मामले में सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के आरोप में आनंद सरदार, प्रभास मंडल और दिवाकर सरदार को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद हुई हिंसा के दौरान भीड़ की पिटाई में एक युवक की भी मौत हो गई थी।अपराधियों और उपद्रवियों को सख्त चेतावनी:
एसपी दफ्तर में बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने अपराधियों और उपद्रवियों को सख्त लहजे में चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने पुलिस रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि इस घटना के बाद भीड़ द्वारा पीट-पीटकर मारे गए इंद्रजीत मंडल पूरी तरह से निर्दोष थे। इस जघन्य घटना और गुंडागर्दी के लिए करीब 200 लोग जिम्मेदार हैं। शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि कानून को हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
डीजीपी को 72 घंटे का दिया अल्टीमेटम
सीएम शुभेंदु अधिकारी ने राज्य के डीजीपी को इस मामले में त्वरित कार्रवाई के लिए 72 घंटे का समय दिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन को इस समय सीमा के भीतर सभी मुख्य आरोपियों को पकड़ना होगा। इसके साथ ही सूर्यपुर में एक नई पुलिस चौकी बनाने का फैसला लिया गया है। सीएम ने भारचूलायी समेत आसपास के सभी थानों के अधिकारियों से भी बात की है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने ऐलान किया कि वह हालात का जायजा लेने के लिए एक हफ्ते बाद दोबारा यहां आएंगे। सीएम ने कहा कि हमारे सरकार आने बाद आर जी कर मेडिकल कॉलेज केस में 3 पुलिस को सस्पेंड किया गया है।
घटना के बाद गुस्साए लोगों ने की थी तोड़फोड़: इससे पहले सीएम शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को कहा था कि दोषियों को मौत की सजा मिलेगी। बता दें कि लड़की का शव रविवार को सुर्ज्यपुर हाट इलाके में एक बोरी में मिला था, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बारुईपुर-जयनगर रोड को ब्लॉक कर दिया था। भीड़ ने पुलिस के कुछ वाहनों में तोड़फोड़ की। शव मिलने के कुछ घंटों बाद गुस्साई भीड़ ने लड़की की मौत में शामिल होने के संदेह में एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी। मामले के सिलसिले में अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। राज्य सरकार ने घटना की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया है।
दुनियाभर के घुमक्कड़ पत्रकारों का एक मंच है,आप विश्व की तमाम घटनाओं को कवरेज करने वाले खबरनवीसों के अनुभव को पढ़ सकेंगे
https://www.roamingjournalist.com/