- डीआरआई ने अन्य कारवाई में विदेशी मूल का लगभग 9 किलो सोना किए बरामद
- इन गिरफ्तारियों के बाद दिल्ली में अवैध सोना गलाने की इकाई का पता चला
- 42 किलो चांदी, 700 ग्राम सोने के गहने, 8.15 करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा और 26.67 लाख रुपये भारतीय मुद्रा बरामद
अशोक झा /सिलीगुड़ी:राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने सीमा पार सोना तस्करी करने वाले एक गिरोह का दिल्ली में भंडाफोड़ किया है।
राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने पश्चिम बंगाल में भारत-बांग्लादेश सीमा पर संचालित सोना तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 34 करोड़ रुपये मूल्य का 24 किलोग्राम सोना जब्त किया है। खुफिया सूचना के आधार पर चलाए गए एक विशेष अभियान में डीआरआई अधिकारियों ने नदिया जिले में कृष्णनगर से चाकदह की ओर अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर जा रहे सात व्यक्तियों को रोका। तलाशी के दौरान उनके शरीर पर पहनी गई विशेष रूप से तैयार कपड़े की कमर पेटी के भीतर छिपाकर रखे गए सोने के 180 बिस्कुट बरामद किए गए। सोने की बट्टियों पर विदेश की मुहर थी।बरामद सोने का कुल वजन लगभग 24 किलोग्राम है, जिसकी कीमत लगभग 34 करोड़ रुपए आंकी गई है। इस सोने को सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के प्रावधानों के तहत जब्त कर लिया गया है। तस्करी की इस पूरी कार्रवाई में शामिल सातों व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।प्रारंभिक जांच से पता चला है कि तस्करी का माल ढोने वाले ये लोग भारत-बांग्लादेश सीमा के निकट स्थित विभिन्न स्थानों से तस्करी का सोना प्राप्त कर उसे आगे दूसरे वाहकों तक पहुंचाने के लिए ले जा रहे थे।वही दूसरी ओरराजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने सोने की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली, चेन्नई, कोलकाता और बेंगलुरु में एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में विदेशी मूल का लगभग 9 किलो सोना, 42 किलो चांदी, 700 ग्राम सोने के गहने, 8.15 करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा और 26.67 लाख रुपये भारतीय मुद्रा बरामद की गई है। कुल आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
डीआरआई कि ओर से बताया कि गिरोह पूर्वोत्तर राज्यों से दिल्ली तक अलग-अलग ट्रेनों से तस्करी कर सोना लाता था। तस्करों ने दिल्ली के घनी आबादी वाले इलाके में सोना गलाने की अवैध इकाई भी चला रखी थी। 26 जून को डीआरआई अधिकारियों ने पश्चिम बंगाल के न्यू कूचबिहार रेलवे स्टेशन और बिहार के मानसी जंक्शन पर दो तस्करों को पकड़ा, जिनके पास से करीब 2 किलो सोना मिला। इसी दिन दिल्ली में भी दो लोगों को 1.2 किलो सोने के साथ पकड़ा गया। इन गिरफ्तारियों के बाद दिल्ली में अवैध सोना गलाने की इकाई का पता चला।उसी दिन एक अन्य कार्रवाई में डीआरआई ने एक महिला तस्कर को पकड़ा, जो मिजोरम के सैरांग से कोलकाता जा रही थी। उसके पास से कमरबंद में छिपाकर रखी गई सोने की 20 ईंटें मिलीं, जिनका वजन 3.3 किलो था।
चेन्नई में डीआरआई ने घरेलू हवाई मालवाहक सेवा के जरिए विदेशी मुद्रा की तस्करी का बड़ा रैकेट पकड़ा। यहां से 7,58,500 अमेरिकी डॉलर और 35 लाख थाई बाहट बरामद किए गए, जिनकी कीमत लगभग 8.15 करोड़ रुपये है। जांच में पता चला कि यह विदेशी मुद्रा भारत से बाहर भेजी जा रही थी और इसका इस्तेमाल सोना-चांदी की तस्करी के लिए किया जा रहा था।बेंगलुरु हवाई अड्डे पर डीआरआई ने एक व्यक्ति को दुबई से लौटते समय पकड़ा, जिसके पास से 1.8 किलो सोना मिला। उसके घर से 42 किलो चांदी, 700 ग्राम सोने के गहने और 26.67 लाख रुपये नकद भी बरामद किए गए।डीआरआई ने कहा कि यह कार्रवाई साबित करती है कि विदेशी मुद्रा की अवैध खरीद-फरोख्त और उसका बाहर भेजा जाना सीधे तौर पर सोना-चांदी की तस्करी से जुड़ा हुआ है। एजेंसी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी आठ लोगों से पूछताछ जारी है और आगे की जांच में और खुलासे हो सकते हैं।
दुनियाभर के घुमक्कड़ पत्रकारों का एक मंच है,आप विश्व की तमाम घटनाओं को कवरेज करने वाले खबरनवीसों के अनुभव को पढ़ सकेंगे
https://www.roamingjournalist.com/