- विधानसभा का शीतकालीन सत्र चार से 14 दिसंबर तक होगा आयोजित
- राज्य में उद्योग लगाने के लिए जमीन अधिग्रहण को आसान बनाने के लिए लैंड रिफॉर्म कानून
- गोहत्या पर सख्ती, कानूनी प्रावधान और भी होंगे मजबूत,बदल जाएगा बंगाल का नाम
अशोक झा/ सिलीगुड़ी: बंगाल सरकार राज्य में बड़े नीतिगत बदलाव लाने के लिए विधानसभा की शीतकालिन सत्र में आठ नए विधेयक पेश करने जा रही है। इनमें भूमि सुधार, MSME प्रोत्साहन और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस पर महत्वपूर्ण कानून शामिल हैं। इसके अलावा, राज्य की बीजेपी सरकार औद्योगिक विकास, राज्य का नाम बदलने और गौहत्या पर प्रतिबंध लगाने संबंधी बिल भी लाने का प्लान बना रही है। पश्चिम बंगाल विधानसभा का शीतकालीन सत्र चार से 14 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की अध्यक्षता में सोमवार को इसको लेकर कैबिनेट की बैठक हुई। बैठक के बाद अधिकारी ने बताया कि आठ विधेयक में एक विधेयक ऐसा होगा, जिसके पारित होने के बाद दुकानदार अपनी इच्छा के अनुसार अपनी दुकानें चौबीसों घंटे खुली रख सकेंगे।
जमीन अधिग्रहण को आसान बनाने के लिए बिल:
जानकारी के मुताबिक, बीजेपी सरकार राज्य में उद्योग लगाने के लिए जमीन अधिग्रहण को आसान बनाने के लिए लैंड रिफॉर्म कानून लाने का प्लान बना रही है। वेस्ट बंगाल लैंड रिफॉर्म्स एक्ट, 1955, खेती की जमीन के लिए एक परिवार या ट्रस्ट के लिए ज़्यादा से ज़्यादा जमीन की होल्डिंग की लिमिट लगभग 17.30 एकड़ तय करता है।लैंड रिफॉर्म में बदलाव से इंडस्ट्रियल ग्रोथ के लिए जमीन से जुड़ी रुकावटों को कम किया जा सकेगा। सीएम शुभेंदु अधिकारी भी कह चुके हैं कि सरकार न तो किसानों से जबरदस्ती जमीन लेगी और न ही पूरी तरह से जमीन लेने से दूर रहेगी और इंडस्ट्री से खुद जमीन खरीदने के लिए कहेगी। सूत्रों के मुताबिक, सरकार इसके जरिए लैंड एक्विजिशन को आसान बनाने के लिए प्रोविजन लाएगी। संसदीय कार्य विभाग भी पेश करेगा एक विधेयक
: मुख्यमंत्री शुभेंदु ने बताया कि राज्य सरकार आगामी विधानसभा सत्र में आठ विधेयक भी पेश करेगी। उन्होंने बताया कि संसदीय कार्य विभाग भी एक विधेयक पेश करेगा, जिसमें ‘सुभाष चंद्र बोस सेवा केंद्रों’ के कार्यालय खर्च के लिए 30,000 रुपये उपलब्ध कराने और पूर्व विधायकों का चिकित्सा भत्ता 6,000 रुपये से बढ़ाकर 10,000 रुपये करने का प्रावधान होगा। सुभाष चंद्र बोस सेवा केंद्र एक जनसेवा पहल है, जिसका उद्देश्य लोगों को अपनी शिकायतें और समस्याएं संबंधित विधायकों तक पहुंचाने तथा उनका समाधान कराने में सहायता प्रदान करना है। गोहत्या पर सख्ती, कानूनी प्रावधान और होंगे मजबूत
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को कहा कि उनकी सरकार राज्य में बिना किसी रोक-टोक के गोहत्या नहीं होने देगी और इसपर रोक लगाने के लिए मौजूदा कानूनी प्रावधानों को और मजबूत बनाने वाला विधेयक पेश किया जाएगा। उन्होंने पश्चिम बंगाल पशु वध नियंत्रण अधिनियम, 1950 का जिक्र करते हुए इसे सख्ती से लागू करने की बात कही।
वहीं, आखिरी लेकिन सबसे अहम, पश्चिम बंगाल का नाम बदलकर ‘पश्चिम बंग’ करने का प्रस्ताव शीतकालीन सत्र में पेश किया जाएगा. उन्होंने बताया कि विधानसभा से प्रस्ताव पारित होने के बाद इसे मंजूरी के लिए केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा. मंजूरी मिलने के बाद नाम अंग्रेजी में भी ‘पश्चिम बंग’ लिखा जाएगा, जिससे ‘वेस्ट बंगाल’ के रूप में इसकी लंबे समय से चली आ रही अंग्रेजी पहचान का अंत हो जाएगा।
दुनियाभर के घुमक्कड़ पत्रकारों का एक मंच है,आप विश्व की तमाम घटनाओं को कवरेज करने वाले खबरनवीसों के अनुभव को पढ़ सकेंगे
https://www.roamingjournalist.com/