- मेला को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की पहल , 214 वें वर्ष में करेगा प्रवेश
अशोक झा/ सिलीगुड़ी: रासमेला के आयोजन से पहले कूचबिहार एक बार फिर सजने-संवरने लगा है। इस बार मेले को और आकर्षक बनाने के लिए लेजर शो, आतिशबाजी और सागरदिघी घाट पर आरती आयोजित करने की योजना बनाई गई है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी 25 नवंबर को कूचबिहार पहुंचकर रासमेला का उद्घाटन कर सकते हैं। हालांकि, मदनमोहन बाड़ी में परंपरा के अनुसार रास उत्सव की शुरुआत 24 नवंबर को ही होगी। इसके अगले दिन मेले का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा।
लेजर शो और आतिशबाजी से यादगार बनेगा उद्घाटन:
रासमेला के उद्घाटन समारोह को खास बनाने के लिए प्रशासन कई आकर्षण जोड़ने की तैयारी कर रहा है। पूरे शहर में रोशनी की सजावट की जाएगी। साथ ही मेले के दौरान ऐतिहासिक धरोहरों और हेरिटेज सूची में शामिल इमारतों को भी रोशन करने का फैसला लिया गया है। इस संबंध में मंगलवार को जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक हुई। बैठक में जिलाधिकारी जितिन यादव, विधानसभा अध्यक्ष रथींद्र बोस और महिला एवं बाल कल्याण विभाग की मंत्री मालती राभा राय मौजूद थीं।
वैश्विक पहचान दिलाने के लिए बनेगी वेबसाइट: पश्चिम बंगाल विधानसभा के अध्यक्ष रथींद्र बोस ने कहा कि 214वें वर्ष में प्रवेश कर रहे इस ऐतिहासिक रासमेला को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की पहल की जा रही है। इसके लिए एक विशेष वेबसाइट तैयार की जाएगी, जिस पर मेले से जुड़ी सभी जानकारियां उपलब्ध होंगी। उन्होंने बताया कि कूचबिहार से बाहर रहने वाले उन लोगों तक भी मेले की जानकारी पहुंचाई जाएगी, जिनका कभी इस शहर से जुड़ाव रहा है। इसके लिए सोशल मीडिया और ईमेल के माध्यम से संपर्क करने की योजना है।।मेले में पर्यटकों की सुविधा के लिए एक विशेष पर्यटन पवेलियन बनाने का प्रस्ताव भी रखा गया है। इसके अलावा सागरदिघी के किनारे आरती आयोजित करने पर भी चर्चा हुई।
पहली बार 50 स्वयं सहायता समूहों के साथ होगी गौरी मेला: इस साल रासमेला परिसर में पहली बार स्वयं सहायता समूहों की भागीदारी से ‘गौरी मेला’ आयोजित किया जाएगा। इसके लिए स्टेडियम परिसर में करीब 50 स्टॉल लगाए जाएंगे।
मंत्री मालती राभा राय ने बताया कि रासमेला पूर्वोत्तर भारत के बड़े मेलों में गिना जाता है। इसकी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। गौरी मेले के पहले चरण का औपचारिक उद्घाटन 23 नवंबर को कोलकाता के न्यूटाउन में होगा। इसके बाद रासमेला के दौरान कूचबिहार में इसका दूसरा चरण आयोजित किया जाएगा। पर्यटकों के लिए विशेष पैकेज, सुरक्षा पर भी जोर: प्रशासन की ओर से रासमेला के दौरान कूचबिहार आने वाले पर्यटकों के लिए विशेष पर्यटन पैकेज तैयार करने पर भी विचार किया जा रहा है। शहर में व्यापक रोशनी की व्यवस्था के साथ सीसीटीवी कैमरों से निगरानी बढ़ाने की योजना है। प्रशासन का लक्ष्य है कि रासमेला के ऐतिहासिक महत्व को देश-दुनिया तक पहुंचाने के साथ-साथ पर्यटकों और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।ऐतिहासिक पृष्ठभूमि:इस उत्सव की शुरुआत 19वीं सदी की शुरुआत में (1812 के आसपास) कूच बिहार के तत्कालीन शासक महाराजा हरेंद्र नारायण के शासनकाल में हुई थी। कूच बिहार रास मेला न केवल भारत के विभिन्न राज्यों, बल्कि नेपाल, भूटान और बांग्लादेश से आने वाले पर्यटकों और व्यापारियों का भी प्रमुख केंद्र रहा है।
दुनियाभर के घुमक्कड़ पत्रकारों का एक मंच है,आप विश्व की तमाम घटनाओं को कवरेज करने वाले खबरनवीसों के अनुभव को पढ़ सकेंगे
https://www.roamingjournalist.com/