- उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ छठ महापर्व संपन्न,सक्रिय रहे जनप्रतिनिधि
अशोक झा/ सिलीगुड़ी: चार दिनों तक चले लोकआस्था के महापर्व छठ का सोमवार सुबह समापन हो गया. अंधेरा छंटने के साथ ही देशभर के घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी। कहीं गंगा किनारे व्रती हाथ जोड़कर सूर्योदय का इंतजार कर रहे थे तो कहीं तालाबों और अस्थायी घाटों पर छठी मैया के गीत गूंज रहे थे। जैसे ही सूरज की पहली किरण दिखाई दी वैसे ही व्रतियों ने भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया. पूजा की थाली में फल और पारंपरिक प्रसाद के साथ ठेकुआ भी सजाया गया। उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही छठ महापर्व संपन्न हो गया। इसके बाद व्रतियों ने करीब 36 घंटे का निर्जला उपवास तोड़ा और पारण किया।घाटों पर सुबह से ही भक्ति और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
बंगाल,बिहार और उत्तर प्रदेश से झारखंड तक छठ पूजा की रौनक दिखाई दी।व्रती महिलाएं और पुरुष सुबह होने से पहले ही पूजा की सामग्री लेकर घाटों पर पहुंच गए थे। दउरे में फल और ठेकुआ के साथ दूसरे पारंपरिक पकवान रखे गए थे। परिवार के सदस्य भी पूजा में शामिल हुए. लोगों ने छठी मैया और सूर्य देव से परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की लंबी उम्र की कामना की. कई जगह घाटों को आकर्षक तरीके से सजाया गया था. कहीं रोशनी और सजावट ने लोगों का ध्यान खींचा तो कहीं पारंपरिक लोकगीतों के बीच पूजा संपन्न हुई. निर्जला व्रत पूरा होने के बाद घरों में प्रसाद बांटा गया और लोगों ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं। छठ पूजा की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ हुई थी. दूसरे दिन 14 नवंबर को व्रतियों ने खरना किया. इसके बाद करीब 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हुआ. रविवार शाम को डूबते सूर्य को पहला अर्घ्य दिया गया था. सोमवार सुबह उगते सूर्य को दूसरा अर्घ्य देने के साथ ही व्रत पूरा हुआ. इसके बाद व्रतियों ने पारण कर प्रसाद ग्रहण किया।
छठ में सूर्य देव और छठी मैया की पूजा का विशेष महत्व है. व्रती कठिन नियमों का पालन करते हुए परिवार की खुशहाली और संतान के अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हैं. यह पर्व प्रकृति के प्रति आभार जताने और स्वच्छता व अनुशासन की परंपरा से भी जुड़ा है। ठेकुआ समेत पारंपरिक प्रसाद इस पर्व की खास पहचान हैं। इस पर्व पर छोटे व्यापारियों, कारीगरों और ग्रामीण परिवारों के लिए कमाई का बड़ा जरिया भी बनता है।छठ पर घर लौटने का इंतजार करते हैं लाखों लोग: छठ पूजा के आसपास बिहार के परिवारों में एक सवाल सबसे ज्यादा सुनाई देता है- 'घर कब आओगे?' बंगाल बिहार से बाहर रहने वाले लाखों लोगों के लिए यह सिर्फ घर आने की तारीख पूछना नहीं, बल्कि अपनों के पास लौटने का भावनात्मक बुलावा होता है। दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और दूसरे शहरों में नौकरी या पढ़ाई करने वाले लोग इस मौके पर घर लौटने की कोशिश करते हैं। कोई ट्रेन का टिकट बुक करता है तो कोई छुट्टी मिलने का इंतजार करता है। महंगे टिकट, ट्रेनों में भीड़ और काम से छुट्टी की परेशानी के बावजूद लोग परिवार के साथ छठ मनाने के लिए लंबा सफर तय करते हैं। बिहार से दूसरे राज्यों में रोजगार और शिक्षा के लिए पलायन का लंबा इतिहास रहा है, लेकिन छठ ऐसा त्योहार है जो लोगों को अपनी जड़ों और पैतृक घर से जोड़े रखता है। छठ के अंतिम दिन सुबह श्रद्धालु पानी में खड़े होकर सूर्य की पहली किरण का इंतजार करते हैं और उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का समापन करते हैं। इसके बाद लोग धीरे-धीरे अपनी रोजमर्रा की जिंदगी में लौटने लगते हैं। बाहर से घर आए लोगों की वापसी की तैयारी शुरू हो जाती है और कारीगरों व दुकानदारों का व्यस्त समय भी खत्म होने लगता है। लेकिन छठ अपने पीछे सिर्फ पूजा और कमाई की यादें नहीं छोड़ता, बल्कि अपनों के साथ होने और अपनी जड़ों से जुड़े रहने का एहसास भी देता है। यही छठ की असली खूबसूरती है। यह लोगों को याद दिलाता है कि वे चाहे दुनिया के किसी भी कोने में रहें, उनका एक घर ऐसा जरूर है जहां कोई उनके लौटने का इंतजार करता है।
दुनियाभर के घुमक्कड़ पत्रकारों का एक मंच है,आप विश्व की तमाम घटनाओं को कवरेज करने वाले खबरनवीसों के अनुभव को पढ़ सकेंगे
https://www.roamingjournalist.com/