- बंगाल में गुंडों और बलात्कारियों के लिए कोई जगह नहीं
- सभी गुंडों को लास्ट वॉर्निंग दे रहा हूं कि बंगाल छोड़कर चले जाएं या सुधर जाएं वरना
- अभी भी जो बचे-खुचे गुंडे हैं और जिनके पास अवैध हथियार हैं, वे यहां से भाग जाएं
अशोक झा/ कोलकाता: बंगाल में बीरभूम के नानूर में पुलिस मुठभेड़ में मुख्य आरोपी रतन शेख को मार गिराया गया है। बंगाल में पिछले छह महीने के अंदर यह पांचवां एनकाउंटर है। शुभेंदु अधिकारी को तुलना उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से हो रही है। कहा जा रहा है कि शुभेंदु अधिकारी योगी के नक्शे कदम पर चल रहे हैं। इतना ही नहीं, एनकाउंटर पर शुभेंदु अधिकारी का बयान भी योगी आदित्यनाथ के स्टाइल में आया है। उन्होंने अपराधियों और अवैध हथियार रखने वालों को तुरंत बंगाल छोड़ने की चेतावनी दी है। शुभेंदु ने कहा कि सभी गुंडों को लास्ट वॉर्निंग दे रहा हूं कि बंगाल छोड़कर चले जाएं या सुधर जाएं वरना मेरा मन जो करेगा, मैं वही करूंगा। रतन शेख पर शांतिनिकेतन गोलीबारी की घटना के सिलसिले में पुलिसकर्मियों पर गोली चलाने का आरोप था। रविवार को नानूर में एक पुलिस मुठभेड़ में वह मारा गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उसने पुलिस पर गोली चलाई, और पुलिस ने मौके पर जो जरूरी था, वह किया। इस पर कोई टिप्पणी करना मेरे लिए उचित नहीं होगा। पश्चिम बंगाल में गुंडों और बलात्कारियों के लिए कोई जगह नहीं है। अभी भी जो बचे-खुचे गुंडे हैं और जिनके पास अवैध हथियार हैं, वे यहां से भाग जाएं। तुरंत चले जाएं। यहां उनके लिए कोई जगह नहीं है।
'मौके पर फैसले की पुलिस को छूट':शुभेंदु अधिकारी ने कहा, 'बंगाल में बलात्कारियों और हत्यारों के लिए कोई जगह नहीं है। अगर आप पुलिस पर गोली चलाएंगे, तो वे भी अपनी मर्जी से कार्रवाई करेंगे। गुंडों, बांग्लादेश भाग जाओ! अगर यहीं रहे, तो मैं जो चाहूंगा, वो करूंगा।' उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस को आमना-सामना होने पर मौके पर ही फैसला लेने की पूरी छूट दी गई है।'कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं': पश्चिम बंगाल की मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने मुठभेड़ में पुलिस की कार्रवाई का बचाव करते हुए कहा कि जो लोग पुलिसकर्मियों पर हमला करते हैं और कानून-व्यवस्था बिगाड़ते हैं, उन्हें राज्य सरकार नहीं बख्शेगी। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का संदेश बिल्कुल साफ है - कोई भी बलात्कारी, कोई भी दंगाई, या कोई भी व्यक्ति जो बंगाल के लोगों की जान से खिलवाड़ करता है, उसे बख्शा नहीं जाएगा। आप चाहे किसी भी पार्टी या धर्म से हों, अगर आप कानून-व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करेंगे, तो इस सरकार में आपको बख्शा नहीं जाएगा।
'पुलिस पर गोली चलानेवाले पर सरकार फूलों की बारिश नहीं करेगी': पश्चिम बंगाल के मंत्री उमेश राय ने कहा कि पश्चिम बंगाल में हालात बदल रहे हैं। पहले हमने देखा था कि पुलिस बलात्कारियों को बचाने के लिए मैदान में उतर आती थी, और सबूत मिटाने के लिए हजारों लोगों को उकसाकर अस्पतालों में भेज दिया जाता था। अब वह सरकार सत्ता में नहीं है। मुख्यमंत्री ने साफ कर दिया है कि बलात्कार और गुंडागर्दी के लिए हमारे पास 'जीरो-टॉलरेंस' की नीति है। अगर कोई पुलिस पर गोली चलाता है, तो पुलिस उन पर फूलों की बारिश नहीं करेगी; वे वही करेंगे जो करना जरूरी है। जो असामाजिक तत्व पहले पुलिस से नहीं डरते थे, उन्हें अब डरना ही होगा।रतन शेख का एनकाउंटर कैसे हुआ?
रतन शेख को लूट के एक मामले में जमानत मिली थी और वह पिछले शुक्रवार को ही इलाके में लौटा था। बाद में वह एक अन्य कथित अपराधी से मिलने बस स्टैंड गया। शुक्रवार शाम को, पुलिस के तीन जवान उसे पकड़ने के लिए बोलपुर के लायक बाजार में बरगद के पेड़ वाले इलाके में पहुंचे। पुलिस टीम को देखते ही शेख ने कथित तौर पर गोली चला दी, जिससे कांस्टेबल बिस्वजीत दास के बाएं पैर में चोट लग गई। इस घटना के बाद से शेख फरार था। शेख नानूर के चरकोल गांव में एक ईंट भट्ठे में छिपा हुआ था, जहां खुफिया जानकारी के आधार पर जिला पुलिस की एक टीम ने उसे ढूंढ निकाला। शेख ने पास आ रहे पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की। इस गोलीबारी में शेख घायल हो गया और उसे स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
कौन था रतन शेख?:पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, नानूर के सांता गांव का रहने वाला शेख इलाके का एक कुख्यात अपराधी था। उस पर अवैध हथियार रखने से लेकर नशीले पदार्थों की तस्करी तक, कुल 35 आपराधिक मामले दर्ज थे। उसे पहले भी गिरफ्तार किया गया था, लेकिन वह जमानत पर छूट गया था। इसी वजह से पुलिस ने उसे दोबारा पकड़ने की कोशिश की। तृणमूल कांग्रेस (TMC) के लोकसभा सांसद सौगत रॉय ने आरोप लगाया कि शुभेंदु अधिकारी उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मॉडल का अनुसरण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के हालात के लिए मुख्यमंत्री को जवाब देना होगा।
दुनियाभर के घुमक्कड़ पत्रकारों का एक मंच है,आप विश्व की तमाम घटनाओं को कवरेज करने वाले खबरनवीसों के अनुभव को पढ़ सकेंगे
https://www.roamingjournalist.com/