अशोक झा/ पटना: छठ के बाद 'सामा-चकेवा' खेलने की परंपरा शुरू होती है। इस पर्व का संबंध भगवान कृष्ण की पुत्री से जुड़ा है। सामा-चकेवाभाई-पवन के अटूट प्रेम और त्याग का पर्व है, जो पौराणिक कथा पर आधारित है।इसका भगवान कृष्ण से भी संबंध है. बिहार के मिथिलांचल, कोसी और सीमांचल के साथ-साथ झारखंड और नेपाल के इलाकों में यह त्योहार मनाया जाता है. यह पर्व इस बार 16 नवंबर यानी छठ पर्व के पारण के दिन शुरू हुई है और 22 नवंबर यानी कार्तिक पूर्णिमा पर इसका समापन होगा।
भाई बहन का पर्व है सामा चकेवा:दरअसल कार्तिक महीने में छठ महापर्व के बाद शुरू होने वाला यह पर्व मिथिलांचल के गांवों में आज भी लोक जीवन की खूबसूरत तस्वीर पेश करता है. शाम ढलते ही गांव की गलियों और आंगनों में महिलाओं तथा युवतियों की छोटी छोटी टोली जुटने लगती है. हाथों में मिट्टी से बनी सामा, चकेवा, चुगला, वृंदावन और अन्य पारंपरिक आकृतियों से सजीले होते हैं।
सामा खेले चलाली भौजी संग सहेली..शाम को पारंपरिक लोकगीतों का सिलसिला शुरू होता है। 'सामा खेले चलाली भौजी संग सहेली', 'चुगला करे चुगलखोरी' जैसे गीतों की मधुर आवाज वातावरण में ऐसी मिठास घोलती है, जो मिथिला की सांस्कृतिक पहचान को जीवंत कर देती है।
सामूहिक रूप से लोकगीत गाती हैं महिलाएं: सामा-चकेवा पर्व सात दिनों तक चलता है. इस दौरान लोग देर शाम के समय महिलाएं और युवतियां एक स्थान पर एकत्रित होकर सामूहिक रूप से पूजा और लोकगीत गाती हैं। भाई-बहन के प्रेम और भाई की लंबी उम्र की कामना की जाती है। घरों में उत्सव जैसा माहौल रहता है।नई पीढ़ी भी अपनी मां, दादी और नानी से इस परंपरा को सीखती है। इस पर्व की सबसे खास विशेषता है मिट्टी से बनी पारंपरिक आकृतियां. महिलाएं अपने हाथों से सामा, चकेवा, चुगला, सतभइया और वृंदावन जैसी आकृतियां तैयार करती हैं. इन आकृतियों को रंगों से सजाया जाता है. इसके बाद महिलाएं समूह में पारंपरिक गीत गाते हुए पूजा करती हैं।
कौन-कौन सी मूर्ति बनती हैं?: महिलाएं और लड़कियां मिट्टी से कई तरह की मूर्तियां और आकृतियां बनाती हैं। मूर्तियों को सुखाकर रंगों से रंगा जाता है. इनमें प्रमुख रूप से सामा, चकेवा, चुगला, वृंदावन, सतभैया, धोबिन, सुग्गा और सुग्गी (तोता-तोती) शामिल हैं. साथ ही झांझवाला, मृदांगिया (ढोल बजाने वाला), कुत्ता, भौंरा की आकृतियां बनाती हैं. इन सभी मूर्तियां और आकृतियों को बांस के डाले (टोकरी) में रखकर रात में गीत गाए जाते हैं।"यह वर्षो से चला रहा पर्व है, जो मिथिला के लोग ही खासकर मानते हैं। इस पर्व में चुगला का विशेष महत्व होता है क्योकि चुगला को चुगलखोरी, नकारात्मकता और बुराई का प्रतीक माना जाता है. महिलाएं गीतों के माध्यम से बुराइयों पर व्यंग्य करती हैं और अच्छाई का संदेश देती हैं।
वहींं, पर्व के अंतिम दिन सामा-चकेवा की विदाई की रस्म निभाई जाती है. इसे कहीं-कहीं 'भस्सर' भी कहा जाता है. बहनें अपने भाइयों को पारंपरिक रूप से भोजन कराती हैं और उनसे उपहार प्राप्त करती हैं. इसके बाद सामा-चकेवा की प्रतिमाओं को तालाब जलाशय या फिर खेत में विसर्जित किया जाता है. इस दौरान गाए जाने वाले विदाई गीतों में भावनाओं की ऐसी अभिव्यक्ति होती है कि माहौल भावुक हो उठता है।
चुगला की चोटी में आग क्यों लगाते हैं?:दरअसल, चुगला को रिश्ते में दरार डालने वाला 'खलनायक' माना जाता है, क्योंकि वह झूठ और चुगली करता है. इसीलिए चुगला की चोटी और मूंछ में आग लगाकर ये संदेश दिया जाता है कि समाज में जो दूसरों की निंदा करता है, झूठे आरोप लगाते हैं और परिवार में गलतफहमी पैदा करते हैं, उनका इसी तरह अंत होगा. आग लगाने के बाद चुगला को प्रतीकात्मक रूप में जूते से पीटा भी जाता है. इस दौरान चुगला' की जीभ जलाकर बहनें अपने भाई की बलाएं उतारती हैं। सामा-चकेवा की खास परंपरा: सामा-चकेवा पर्व के अंतिम दिन यानी विदाई से पहले बहनें सेखारी (खोइछा) में चूड़ा, मुरही, और मिठाई भरकर भाइयों को देती हैं. इसे पांच मुट्ठी देने का रिवाज है. माना जाता है कि ऐसा करने से भाई-बहन के संबंध में मिठास और मजबूती बनी रहती है। कौन थे सामा-चकेवा?:लोकमान्यता के अनुसार सामा भगवान श्रीकृष्ण की पुत्री थीं. चुगला ने उन पर गलत आरोप लगाया गया, जिसके कारण उन्हें पक्षी बनने का श्राप मिला. उनके भाई साम्ब को जब इस बात की जानकारी मिली तो उन्होंने अपनी बहन को श्राप से मुक्त कराने के लिए कठिन प्रयास किया. भाई के इसी त्याग और प्रेम की स्मृति में सामा-चकेवा पर्व मनाने की परंपरा शुरू हुई. हालांकि इस कथा के अलग-अलग लोक संस्करण भी प्रचलित है। आज आधुनिकता और बदलती जीवनशैली के बीच कई पारंपरिक लोकपर्वों का स्वरूप बदल रहा है। ऐसे में सामा-चकेवा जैसी परंपराएं मिथिला की सांस्कृतिक पहचान को बचाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं. यह पर्व सिखाता है कि रिश्तों की मजबूती केवल शब्दों से नहीं, बल्कि प्रेम, विश्वास और त्याग से बनती है। मिथिला की सांस्कृतिक विरासत:
वास्तव में सामा-चकेवा वास्तव में मिथिला की उस सांस्कृतिक विरासत का नाम है, जहां मिट्टी की छोटी-छोटी प्रतिमाओं में बड़े-बड़े भाव छिपे हैं. जहां लोकगीतों में इतिहास सांस लेता है और भाई-बहन का प्रेम पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ता है. यही वजह है कि सामा-चकेवा आज भी मिथिलांचल के लोकजीवन में विशेष स्थान रखता है. हालांकि आज के आधुनिक युग में नई पीढ़ी धीरे-धीरे इससे दूर होती जा रही है लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी लड़कियां इसे पर्व को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाती हैं।
दुनियाभर के घुमक्कड़ पत्रकारों का एक मंच है,आप विश्व की तमाम घटनाओं को कवरेज करने वाले खबरनवीसों के अनुभव को पढ़ सकेंगे
https://www.roamingjournalist.com/