- अवामी लीग के लॉकडाउन से पहले बांग्लादेश के 28 जिलों में बम धमाके, आगजनी और हिंसा की घटनाएं
- चटगांव में मोहम्मद यूनुस के पैतृक घर और कई शहरों में ग्रामीण बैंक की शाखाओं को आग के हवाले
- नराइल, फरीदपुर और पिरोजपुर में हिंसा के दौरान चार लोगों की मौत, ढाका में कई लोग घायल
- हालात संभालने के लिए संवेदनशील जिलों में अर्धसैनिक बल तैनात, पुलिस ने ढाका से 565 लोगों को किया गिरफ्तार
- भारतीय सीमा पर अलर्ट मोड में सुरक्षाबल, रखी जा रही पैनी नजर
बांग्लादेश बोर्डर से अशोक झा: बांग्लादेश एक बार फिर राजनीतिक टकराव और हिंसा की आग में घिर गया है। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की प्रतिबंधित पार्टी अवामी लीग की ओर से बुलाए गए 'लॉकडाउन' से ठीक पहले देश के कई हिस्सों में बम धमाके, आगजनी और हमलों की घटनाएं सामने आई हैं। राजधानी ढाका में कई देसी बम फटे, जबकि देश के 64 प्रशासनिक जिलों में से 28 में दर्जनों बम धमाकों की खबर है।
कई वाहनों को भी आग के हवाले कर दिया गया। अब तक की घटनाओं में ढाका में कम से कम चार लोग घायल हुए हैं। पड़ोसी राष्ट्र में बढ़ते हिंसा के बीच भारत बांग्लादेश सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया है। पैनी नजर रखी जा रही है।पिछले दो दिनों में सिलहट, राजशाही, बारीसाल और फरीदपुर में नोबेल पुरस्कार विजेता मोहम्मद यूनुस द्वारा स्थापित ग्रामीण बैंक की कई शाखाओं में भी आगजनी की गई। चटगांव के पांचलाइस इलाके में अज्ञात लोगों ने अंतरिम सरकार के पूर्व प्रमुख मोहम्मद यूनुस के पैतृक घर को भी आग लगा दी। वहीं, अखबारों की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रधानमंत्री तारिक रहमान की बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के कार्यकर्ताओं ने रातभर में ढाका में अवामी लीग के दो नेताओं के घरों पर हमला कर आगजनी की।कई इलाकों में हिंसा, राजनीतिक कार्यकर्ताओं की मौत
हिंसा का असर राजधानी से बाहर भी दिखाई दिया है। पश्चिमी नराइल जिले में बीएनपी के मार्च पर अवामी लीग कार्यकर्ताओं के हमले में सत्तारूढ़ दल के दो स्थानीय नेताओं की मौत हो गई। फरीदपुर और पिरोजपुर में भी एक बीएनपी नेता और एक परिवहन कर्मी की जान गई है। इस तरह अलग-अलग इलाकों में राजनीतिक टकराव ने गंभीर रूप ले लिया है।
अवामी लीग ने यह लॉकडाउन उस विशेष न्यायाधिकरण के फैसले की बरसी पर बुलाया है, जिसमें पिछले साल शेख हसीना को मानवता के खिलाफ अपराधों के मामले में उनकी गैरमौजूदगी में मौत की सजा सुनाई गई थी। हसीना 5 अगस्त 2024 को छात्र आंदोलन यानी 'जुलाई विद्रोह' के बाद सत्ता से बेदखल होने के बाद से भारत में रह रही हैं। इस महीने की शुरुआत में उन्होंने मौत की सजा के बावजूद किसी भी कीमत पर दिसंबर में बांग्लादेश लौटने का ऐलान किया था। इसके बाद से देश में राजनीतिक तनाव और बढ़ गया है।
तारिक रहमान का अवामी लीग पर हमला, ढाका में 565 गिरफ्तार
मंगलवार को शेख हसीना के गृहनगर तुंगीपारा में उनके करीब 30 संदिग्ध समर्थकों की गिरफ्तारी के बाद सैकड़ों लोगों ने पुलिस स्टेशन को घेर लिया। हालात ऐसे बने कि पुलिस को थाना खाली करना पड़ा। बुधवार रात प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने अवामी लीग को 'आतंकवादी संगठन' और 'पराजित फासीवादी ताकत' बताते हुए लोकतांत्रिक ताकतों से एकजुट होने की अपील की। इससे पहले मंगलवार रात संसद में उन्होंने कहा था कि 2024 की तरह एक बार फिर एकजुट होकर निरंकुश ताकतों की निर्णायक हार सुनिश्चित करनी होगी। 'द डेली स्टार' के मुताबिक, उन्होंने सांसदों से केवल सरकारी मशीनरी पर निर्भर रहने के बजाय सड़कों पर उतरने को भी कहा है।लगातार बिगड़ते हालात को देखते हुए हसीना के जन्मस्थान गोपालगंज समेत संवेदनशील जिलों में बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश के हजारों जवान तैनात किए गए हैं। पुलिस ने 24 घंटे के अभियान में अकेले ढाका से 565 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में हसीना सरकार में शिक्षा मंत्री रहे नुरुल इस्लाम नाहिद भी शामिल हैं। गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने कहा है कि ऑडियो और वीडियो सबूतों के आधार पर उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हसीना सरकार गिरने के बाद से जारी है राजनीतिक टकराव
बांग्लादेश में मौजूदा हिंसा की पृष्ठभूमि 2024 में शेख हसीना सरकार के पतन से जुड़ी है। हसीना के सत्ता से हटने के बाद मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार के कार्यकाल में अवामी लीग पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। इसी दौर में बांग्लादेश के संस्थापक शेख मुजीबुर रहमान के धानमंडी स्थित आवास और 1971 के मुक्ति संग्राम से जुड़े स्मारकों को भी तबाह कर दिया गया था। अब अवामी लीग के लॉकडाउन के आह्वान से पहले हुई ताजा घटनाओं ने देश में राजनीतिक अस्थिरता और हिंसा को फिर सुर्खियों में ला दिया है।
दुनियाभर के घुमक्कड़ पत्रकारों का एक मंच है,आप विश्व की तमाम घटनाओं को कवरेज करने वाले खबरनवीसों के अनुभव को पढ़ सकेंगे
https://www.roamingjournalist.com/