- शेख हसीना के समर्थकों ने फूंका सांसद का घर, बढ़ी तारिक रहमान की धुकधुकी
बांग्लादेश बोर्डर से अशोक झा:बांग्लादेश में एक बार फिर से वही बवाल देखने को मिल रहा है, जिसकी गवाह यहां की सड़कें 2 साल पहले भी रह चुकी हैं। इस बार केंद्र शेख हसीना का गृहनगर गोपालगंज है, जहां पिछले हफ्तेभर से चल रहा प्रदर्शन का सिलसिला अब विकराल रूप ले रहा है। यहां तुंगीपाड़ा पुलिस स्टेशन के पास खड़ी गाड़ियां फूंक दी गईं और सत्ताधारी बीएनपी पार्टी के एक नेता के घर में भी आग लगा दी गई। मजदूरों के वेतन बढ़ाने को लेकर शुरू हुआ प्रदर्शन अब बढ़ते-बढ़ते सरकार के लिए सिरदर्द बन चुका है। खासतौर पर जब से पूर्व पीएम शेख हसीना की पार्टी की एंट्री इसमें हुई है और उनके गृहनगर गोपालगंज में उन्होंने विरोध करना शुरू किया है। गोपालगंज में वैसे तो पिछले एक हफ्ते से विरोध बढ़ चुका है और यहां पुलिस के साथ-साथ सेना की भी तैनाती हुई है। ताजा हिंसा गोपालगंज के तुंगीपाड़ा इलाके में देखने को मिली। जब यहां पुलिस ने अवामी लीग और उसके छात्र संगठन छत्र लीग से जुड़े कई संदिग्ध कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में अवामी लीग समर्थक इकट्ठा हो गए और फिर शुरू हुआ जमकर बवाल: देखते ही देखते भीड़ ने तुंगीपाड़ा पुलिस स्टेशन को घेर लिया और स्थानीय रिपोर्टों की मानें तो पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए आंसू गैस, रबर की गोलियों और साउंड ग्रेनेड का इस्तेमाल किया लेकिन हालात और बिगड़ गए। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने पुलिस स्टेशन में घुसकर तोड़फोड़ की और वहां खड़े वाहनों में आग लगा दी। हिरासत में लिए गए कुछ कार्यकर्ताओं को छुड़ाए जाने की भी खबरें आई है। इसके कुछ समय बाद गोपालगंज-3 से सत्ताधारी पार्टी बीएनपी के सांसद एसएम जिलानी के घर को आग के हवाले कर दिया गया। इसके बाद राजनीतिक टकराव और बढ़ गया है। फरीदपुर में BNP नेता की मौत से बढ़ा तनाव: गोपालगंज की हिंसा का असर पड़ोसी जिले फरीदपुर के भांगा इलाके में भी दिखाई दिया. यहां बीएनपी के किसान संगठन कृषक दल के संयुक्त संगठन सचिव राजू मोल्लाह की मौत हो गई. स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो अवामी लीग समर्थकों के जुलूस के दौरान हुए घटनाक्रम में एक देसी बम फटा, जिससे राजू गंभीर रूप से घायल हो गए और अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में तनाव और बढ़ गया। प्रदर्शनकारियों ने बीएनपी कार्यालय और वाहनों को निशाना बनाया. फिलहाल राजनीतिक विरोध अब केवल नारों और प्रदर्शनों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि हिंसक झड़पों में बदलता दिख रहा है
बांग्लादेश का राजनीतिक विरोध सड़कों पर : ऐसा नहीं है कि गोपालगंज में हुई हिंसा कोई एक दिन की है। इससे पहले भी तुंगीपाड़ा में बीएनपी और उससे जुड़े संगठनों के कार्यालयों, नेताओं के घरों और कारोबारों पर हमले तथा आगजनी की घटनाएं सामने आई थीं। 16 नवंबर को अवामी लीग समर्थकों के बड़े जुलूस के दौरान पुलिस बैरिकेड तोड़े गए और सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया गया। इसके बाद प्रशासन ने जिले के डिप्टी कमिश्नर, पुलिस अधीक्षक और तुंगीपाड़ा थाने के प्रभारी समेत अधिकारियों में बदलाव किया था। बावजूद इसके यहां हो रहे बवाल में कोई खास बदलाव नहीं आया है. खासतौर पर अवामी लीग की गतिविधियों पर प्रतिबंध के बावजूद उसके समर्थकों का सड़कों पर उतरना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है. दूसरी तरफ बीएनपी नेताओं और कार्यकर्ताओं की संपत्तियों पर हमले से स्थानीय स्तर पर राजनीतिक असुरक्षा की भावना बढ़ सकती है।
राजधानी तक पहुंची हिंसा, तारिक सरकार टेंशन में : देश में हो रहे प्रदर्शनों की आंच ढाका तक भी पहुंची है. अलग-अलग स्थानों पर कम से कम चार खड़ी बसों में आग लगा दी गई जबकि कई जगह देसी बम फोड़े जाने की खबरें भी सामने आईं। इसमें कोई जख्मी तो नहीं हुआ है लेकिन अस्थिरता का माहौल पैदा हो रहा है। गृह मंत्री सलाउद्दीन अहमद ने संसद में कहा कि पुलिस स्टेशन या सुरक्षा बलों पर हमला करने वालों की पहचान वीडियो, तस्वीरों और ऑडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर की जाएगी और उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। सरकार का कहना है कि सार्वजनिक संपत्ति और सुरक्षा संस्थानों पर हमले बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।
दुनियाभर के घुमक्कड़ पत्रकारों का एक मंच है,आप विश्व की तमाम घटनाओं को कवरेज करने वाले खबरनवीसों के अनुभव को पढ़ सकेंगे
https://www.roamingjournalist.com/