- पीड़ितों से जाकर मिले मुख्यमंत्री, जहरीली शराब का खोजा जा रहा है स्रोत
बांग्लादेश बोर्डर से अशोक झा: मणिपुर के चंदेल जिले में कथित तौर पर मिलावटी शराब पीने से कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 180 से अधिक लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ये मौतें 18 से 20 नवंबर के बीच हुईं। चंदेल के पुलिस अधीक्षक (SP) द्वारा जारी एक आधिकारिक बयान में शुरुआत में 8 लोगों की मौत की पुष्टि की गई थी। मृतकों की पहचान किशन ह्रांगबुंग एनल (32), ह्रांगबुंग बेरुवंग एनल (50), ह्रांगबुंग मोहरिंग एनल (46), आरडी अंगनाहिरिंग एनल (37), केआई रामतियांग एनल (44), एनएल मोथाहेरिंग एनल, टीएस आशिंग और टीएस लवली के रूप में हुई है। मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने गुरुवार को इंफाल के शिजा हॉस्पिटल्स एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट और बाबिना हॉस्पिटल का दौरा किया. उन्होंने वहां भर्ती मरीजों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और डॉक्टरों से इलाज की स्थिति पर चर्चा की.
मुख्यमंत्री ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए जिम्मेदार लोगों की पहचान के लिए जांच के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। इसके अलावा चंदेल जिले में विशेषज्ञ डॉक्टरों और जरूरी दवाओं के साथ मेडिकल टीम भी भेजी गई है। प्रशासन फिलहाल पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर बचाव, इलाज और जांच से जुड़े कदम उठा रहा है. लोगों से सतर्क रहने और संदिग्ध शराब की बिक्री या वितरण की सूचना नजदीकी पुलिस स्टेशन को देने की अपील की गई है। पुलिस के बयान के अनुसार, कुछ पीड़ितों की मौत उनके घरों पर ही हो गई, जबकि कुछ की मौत अस्पताल ले जाते समय या चकपिकारोंग स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती होने के बाद हुई।
शराब कथित तौर पर सुग्नू से लाई गई थी बाद में स्पष्टीकरण देते हुए, चंदेल जिला पुलिस ने बताया कि मृतकों द्वारा पी गई शराब कथित तौर पर काकचिंग जिले के सुग्नू से लाई गई थी, और इसे चंदेल जिले में न तो बनाया गया था और न ही तैयार किया गया था। पुलिस ने यह भी बताया कि जिन मौतों की सूचना मिली है, उनमें से 5 मामले सुग्नू पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आते हैं। पुलिस ने जनता और मीडिया संगठनों से अपील की है कि वे इस घटना के बारे में बिना पुष्टि की गई जानकारी न फैलाएं और न ही जल्दबाजी में कोई निष्कर्ष निकालें।
जिला प्रशासन ने स्वास्थ्य परामर्श जारी किया इस बीच, चंदेल के उपायुक्त ने गुरुवार को एक सार्वजनिक स्वास्थ्य परामर्श जारी किया। इसमें कहा गया है कि प्रशासन ने अभी तक चिकित्सा और वैज्ञानिक रूप से यह पुष्टि नहीं की है कि इन मौतों का सटीक कारण क्या है। मामले की जांच चल रही है। एहतियात के तौर पर, प्रशासन ने निवासियों को सलाह दी है कि वे स्थानीय स्तर पर बनी शराब या संदिग्ध मूल वाले मादक पेय पदार्थों का सेवन न करें। विशेष रूप से प्रभावित क्षेत्रों में संदिग्ध स्रोतों से मिलने वाली शराब से दूर रहें। यह सलाह अगले आदेश तक लागू रहेगी। अभी भी कुछ मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस को शराब में मेथनॉल मिलाए जाने का शक है। मामले में करीब 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और शराब की सप्लाई चेन खंगाली जा रही है।यह घटना ऐसे समय हुई है जब 2026 में जहरीली शराब से देश के 6 राज्यों में 120 से ज्यादा लोगों की मौत की खबरें सामने आ चुकी हैं। इससे नकली और मिलावटी शराब की सप्लाई पर फिर सवाल उठने लगे हैं।
मणिपुर में कहां से आई जहरीली शराब?: पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि पीड़ितों ने शराब मणिपुर के काकचिंग जिले के सुगनू इलाके से खरीदी थी। चंदेल जिले के पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने जिला प्रशासन को भेजी रिपोर्ट में शराब की सप्लाई से जुड़ी जानकारी दी है। पुलिस को चंदेल में स्थानीय स्तर पर शराब बनाने के सबूत नहीं मिले हैं। ऐसे में दूसरे जिले से शराब लाकर बेचने की आशंका है।
दुनियाभर के घुमक्कड़ पत्रकारों का एक मंच है,आप विश्व की तमाम घटनाओं को कवरेज करने वाले खबरनवीसों के अनुभव को पढ़ सकेंगे
https://www.roamingjournalist.com/