स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने अवैध हथियारों और विस्फोटकों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई
अशोक झा/ कोलकाता: बंगाल में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने अवैध हथियारों और विस्फोटकों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। एसटीएफ ने भारी मात्रा में हथियार, कारतूस और विस्फोटक सामग्री बरामद की है। एसटीएफ के एसपी सिद्धार्थ दापोला ने दुर्गापुर में पत्रकारों को बताया कि जामुड़िया और पांडवेश्वर में कुल 38 अवैध बंदूकें और 122 कारतूस बरामद किए गए। वहीं बीरभूम के मुरारई इलाके में 1150 जिलेटिन की छड़ें और 1064 डेटोनेटर मिले हैं। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई की जा रही है।26 अक्टूबर को पांडवेश्वर थाना क्षेत्र के डालुरबाद से शेख शाहजहां उर्फ सजाहान को गिरफ्तार किया गया। पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर एसटीएफ ने 3 और 5 नवंबर को पांडवेश्वर थाना क्षेत्र के दानयो गांव में लगातार तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान दक्षिण सामला कोलियरी के निकट कृषि भूमि में छिपाकर रखे गए छह देसी बंदूकें, चार देशी पिस्तौल और 11 देसी एकनली पाइपगन बरामद की गईं। इसके अलावा 8 एमएम के 47 और 7.65 एमएम के 18 कारतूस भी जब्त किए गए। एसटीएफ के अनुसार, अब तक इस पूरे मामले में कुल 38 अवैध बंदूकें, 122 कारतूस और दो खाली मैगजीन बरामद की जा चुकी हैं। एसटीएफ के अनुसार, इन हथियारों को खेतों में छिपाकर रखा गया था।
बीरभूम में मिला विस्फोटकों का बड़ा जखीरा,खेतों में छिपाकर रखे गए थे हथियार: एसटीएफ के अनुसार, अवैध हथियारों की तस्करी के मामले में जामुड़िया थाना में 31 जुलाई 2026 को मामला संख्या 310/26 दर्ज किया गया था। जांच के दौरान सामने आया कि 30 जुलाई को बेलबेद मोड़ से गिरफ्तार खैरुल आलम चौधरी उर्फ गदाई का कथित संबंध एक अंतरराज्यीय हथियार तस्करी गिरोह से था। इस गिरोह पर बिहार के मुंगेर से अवैध हथियार लाकर पश्चिम बंगाल के विभिन्न इलाकों में आपूर्ति करने का संदेह जताया जा रहा है।
इस मामले में 4 अगस्त को झारखंड के रांची से पांडवेश्वर के बहुला निवासी मोहम्मद समशेर हुसैन को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर 9 अगस्त को अंडाल थाना क्षेत्र के ईसीएल के एक घर से 15 बंदूकें, 57 कारतूस और दो खाली मैगजीन बरामद किए गए। दूसरी ओर, एसटीएफ ने गुप्त सूचना के आधार पर 4 और 5 नवंबर की मध्यरात्रि में बीरभूम के बारुआ गोपालपुर में मुरारई थाना पुलिस के सहयोग से छापामारी की। इस दौरान मोहम्मद रेजा शेख उर्फ गुहा शेख (56) और मुकेश सिंह (49) को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 1150 जिलेटिन की छड़ें, 1064 डेटोनेटर और 32 रोल बिजली के तार बरामद किए गए है। पुलिसिया पूछताछ में पता चला कि दोनों आरोपी झारखंड और बिहार में अवैध विस्फोटकों को छिपाकर रखने और आपूर्ति करने में शामिल थे। फिलहाल आगे की जांच जारी है।
दुनियाभर के घुमक्कड़ पत्रकारों का एक मंच है,आप विश्व की तमाम घटनाओं को कवरेज करने वाले खबरनवीसों के अनुभव को पढ़ सकेंगे
https://www.roamingjournalist.com/