- यह दौरा सांस्कृतिक, सामाजिक और राजनीतिक दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण
- दुर्गा पूजा के दौरान अहमदाबाद से सीधे रात को पहुंचेंगे कोलकोता
अशोक झा/ कोलकाता: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 17 और 18 अक्टूबर 2026 को पश्चिम बंगाल के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। दुर्गा पूजा (सप्तमी) के अवसर पर आयोजित हो रहा यह दौरा सांस्कृतिक, सामाजिक और राजनीतिक दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस सप्ताह दुर्गा पूजा के दौरान पश्चिम बंगाल का दौरा करेंगे। भाजपा की राज्य इकाई के सूत्रों ने यह जानकारी दी। भाजपा के सूत्रों के अनुसार, शाह के कार्यक्रम में बेलूर मठ और कोलकाता के ऐतिहासिक शोभाबाजार राजबाड़ी सहित कुछ प्रमुख दुर्गा पूजा पंडालों का दौरा शामिल है। शाह 17 अक्तूबर को रात करीब आठ बजकर 10 मिनट पर अहमदाबाद से कोलकाता पहुंचेंगे। यह दौरा पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद राज्य में पहली दुर्गा पूजा के दौरान हो रहा है। पहले अटकलें लगाई जा रही थीं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस आयोजन में शामिल हो सकते हैं।
राज्य में हुए सत्ता परिवर्तन और भाजपा सरकार के गठन के बाद गृह मंत्री का यह पहला दुर्गा पूजा दौरा है, जहां मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने उनके कार्यक्रमों की पुष्टि की है। गृह मंत्री अमित शाह 17 अक्टूबर की रात को अहमदाबाद से कोलकाता हवाई अड्डे पहुंचेंगे और अलीपुर स्थित 'सौजन्य' गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे। इसके बाद 18 अक्टूबर को वह दिनभर हावड़ा और कोलकाता के विभिन्न ऐतिहासिक व प्रमुख पूजा पंडालों का दौरा करेंगे।18 अक्टूबर की सुबह अमित शाह सबसे पहले हावड़ा स्थित बेलूड़ मठ जाएंगे और दर्शन करेंगे।
बेलूड़ मठ के बाद वह बाली में देशबंधु क्लब के पूजा पंडाल का दौरा करेंगे। इसके बाद कोलकाता के चेतला इलाके में स्थित 24 पल्ली दुर्गा पूजा पंडाल में शामिल होंगे।गृह मंत्री कोलकाता की ऐतिहासिक शोभाबाजार राजबाड़ी की पारंपरिक पूजा और विशेष आरती में भाग लेंगे। उनका आखिरी पड़ाव विधाननगर (साल्टलेक) का प्रसिद्ध श्रीभूमि स्पोर्टिंग क्लब होगा। यहां पूजा दर्शन के बाद वह सीधे हवाई अड्डे से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। गृहमंत्री के दौरे का उद्देश्य: इस यात्रा के जरिए भाजपा का उद्देश्य बंगाल में अपने सांस्कृतिक और सामाजिक संपर्क को और मजबूत करना तथा आगामी राजनीतिक जमीन को तैयार करना है। भाजपा सांसद राहुल सिन्हा के अनुसार, अमित शाह बंगाल की संस्कृति और मां दुर्गा के प्रति गहरी श्रद्धा के कारण इस उत्सव में शामिल हो रहे हैं। पिछले वर्ष से बदलाव: पिछले वर्ष अमित शाह ने संतोष मित्रा स्क्वायर और साल्टलेक स्थित EZCC की पूजा का उद्घाटन किया था, लेकिन इस बार इन दोनों स्थलों को उनके आधिकारिक कार्यक्रम में शामिल नहीं किया गया है।
दुनियाभर के घुमक्कड़ पत्रकारों का एक मंच है,आप विश्व की तमाम घटनाओं को कवरेज करने वाले खबरनवीसों के अनुभव को पढ़ सकेंगे
https://www.roamingjournalist.com/