- राज्य में भाजपा के सत्ता में आने के बाद अगली अग्निपरीक्षा
- चुनाव नतीजा आएगा नौ अक्तूबर को,राजनीतिक दलों का करेगा भविष्य तय
अशोक झा/कोलकाता: पश्चिम बंगाल के पूर्वी मिदनापुर जिले की नंदीग्राम विधानसभा सीट और मुर्शिदाबाद जिले की रेजीनगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मंगलवार को कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान शुरू हो गया है। पश्चिम बंगाल में सबकी नजरें नंदीग्राम और रेजीनगर पर है। नंदीग्राम और रेजीनगर में आज होने वाला मतदान महज दो विधानसभा सीटों पर उपचुनाव नहीं है। पश्चिम बंगाल में टीएमसी के 15 साल के शासन का अंत कर सत्ता में आई बीजेपी के लिए यह पहला चुनावी परीक्षण है। साथ ही, इन उपचुनावों से यह भी संकेत मिलने की उम्मीद है कि बिखरे हुए विपक्ष में कौन-सी पार्टी बीजेपी के सामने प्रमुख चुनौती के रूप में उभर सकती है। दो विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए सुरक्षा बलों की 71 कंपनियों को तैनात किया गया है। सुरक्षा बलों की 37 कंपनियां नंदीग्राम और 34 कंपनियां रेजीनगर में तैनात की गई है। इसके अलावा, 15,119 राज्य पुलिस के कर्मियों को तैनात किए गए है। सुरक्षा के व्यापक इंतजाम को देखते हुए अंदाजा लगाया जा सकता है कि इन दोनों सीटों पर कुल बुथों में से 24 प्रतिशत संवेदनशील बूथ हैं। नंदीग्राम में 323 और रेजीनगर में 315 संवेदनशील बूथ हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय के एक अधिकारी ने कहा, "सभी मतदान केंद्रों और क्विक रिस्पॉन्स टीम में केंद्रीय बल के जवान तैनात है। इन दोनों सीटों के सभी मतदान केंद्रों पर 100 प्रतिशत वेब-कास्टिंग भी होगी।" बता दें कि उपचुनाव के लिए मंगलवार को वोट डाले जा रहे है और 9 अक्टूबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे। नंदीग्राम विधानसभा सीट पर भाजपा, कांग्रेस, ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाली डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस और सीपीआई के बीच चौतरफा मुकाबला होने वाला है। नंदीग्राम से भाजपा की उम्मीदवार हसीरानी रथ हैं। वह स्वर्गीय चंद्रनाथ रथ की मां हैं। चंद्रनाथ रथ मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक थे। उनकी 6 मई को उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम में हत्या कर दी गई थी।
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस इस बार नंदीग्राम में चुनाव नहीं लड़ रही है। उनकी उम्मीदवार संचिता प्रधान डे ने आखिरी समय में अपना नामांकन वापस ले लिया था। विधानसभा चुनावों में एजेयूपी उम्मीदवार हुमायूं कबीर ने मुर्शिदाबाद जिले की नौदा और रेजीनगर दोनों विधानसभा सीटें जीती थी। बाद में, उन्होंने नौदा सीट अपने पास रखने का फैसला किया, जिसकी वजह से अब रेजीनगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव हो रहा है।
यह उपचुनाव TMC के 15 साल के शासन को खत्म करने के बाद BJP के लिए पहली चुनावी अग्निपरीक्षा है। इन मुकाबलों से BJP को मई में सत्ता संभालने के बाद से उसके कामकाज पर वोटरों की प्रतिक्रिया का शुरुआती अंदाजा मिलेगा, जबकि विपक्षी पार्टियां बिखरे हुए चुनावी मैदान में अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रही है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि "सत्ताधारी पार्टी के तौर पर BJP के उभरने से विपक्ष के लिए एक नया राजनीतिक खालीपन पैदा हो गया है। मुख्य मुद्दा यह है कि BJP के खिलाफ विपक्ष की जगह कौन लेता है?TMC के 15 साल के शासन के बाद मई में BJP राज्य में पहली बार सत्ता में आई थी। उस बदलाव के बाद ये पहले चुनाव हैं. उपचुनाव चार महीने पुरानी सरकार के कामकाज पर कोई अंतिम फैसला तो नहीं करेंगे, लेकिन सरकार के कामकाज और नीतिगत फैसलों पर जनता की प्रतिक्रिया के शुरुआती संकेत जरूर दे सकते हैं। नंदीग्राम में है अहम लड़ाई: नंदीग्राम का मुकाबला सांकेतिक रूप से ज्यादा अहम है. यह सीट ममता बनर्जी के जमीन अधिग्रहण विरोधी आंदोलन का केंद्र थी, जिसने 2011 में TMC के उदय का रास्ता साफ किया था. यहीं पर 2021 में BJP के शुभेन्दु अधिकारी ने तत्कालीन CM ममता बनर्जी को हराया था। अधिकारी ने 2026 के विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम सीट फिर से जीती थी, लेकिन भवानीपुर सीट अपने पास रखी, जिसके कारण उपचुनाव की जरूरत पड़ी। मिलन प्रधान का समर्थन: ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले टीएमसी गुट ने अपने उम्मीदवार के नाम वापस लेने के बाद कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान का समर्थन करने का फ़ैसला किया है, जबकि रिताब्रता बनर्जी के नेतृत्व वाले प्रतिद्वंद्वी तृणमूल गुट ने मोहम्मद एतेशमुल हक को मैदान में उतारा है. CPI भी इस दौड़ में शामिल हो गई है.
रेजीनगर में बीजेपी, कांग्रेस, CPI-M, टीएमसी के दो गुट और आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) आमने-सामने हैं. AJUP ने गुलाम नबी आज़ाद को मैदान में उतारा है, जो पूर्व विधायक हुमायूं कबीर के बेटे हैं। हुमायूं कबीर ने नौदा सीट अपने पास रखने के बाद यह सीट छोड़ दी थी।
दुनियाभर के घुमक्कड़ पत्रकारों का एक मंच है,आप विश्व की तमाम घटनाओं को कवरेज करने वाले खबरनवीसों के अनुभव को पढ़ सकेंगे
https://www.roamingjournalist.com/