- जिस वाहन में सोना मिला वह सहरसा के स्वर्ण कारोबारी के नाम दर्ज है फॉर्च्यूनर
अशोक झा / सिलीगुड़ी: सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट के बागडोगरा पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ सीमा शुल्क और संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है। दोनों को आज सोमवार को सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया गया।. पुलिस पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने और मामले की आगे की जांच के लिए अदालत से दोनों आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ कर रही है। रविवार को बागडोगरा थाने की पुलिस ने चारपहिया वाहन में गुप्त चैंबर बनाकर सोने की तस्करी करने के एक मामले का बागडोगरा पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने एयरपोर्ट मोड़ के समीप नाकेबंदी कर एक ब्लैक फॉर्च्यूनर से 465 ग्राम अवैध सोना बरामद किया था। जब्त सोने का अंतरराष्ट्रीय बाजार मूल्य करीब 70 लाख रुपये आंका गया है. पुलिस ने मौके से बिहार के सहरसा निवासी दो युवकों को गिरफ्तार किया था।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सहरसा निवासी सावन कुमार और रमन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों युवक सिलीगुड़ी से सोने की खेप लेकर सड़क मार्ग से सहरसा लौट रहे थे।आज दोनों को सिलीगुड़ी कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेकर इसके पूरे नेटवर्क को खंगाने कि प्रयास पुलिस कर रही है।
सहरसा के स्वर्ण कारोबारी के नाम दर्ज है फॉर्च्यूनर
पुलिस और परिवहन विभाग के सूत्रों के अनुसार जब्त लग्जरी फॉर्च्यूनर सहरसा के स्वर्ण कारोबारी सोनू कुमार सोनी के नाम से निबंधित है। प्राथमिक जांच में पुलिस के सामने यह बात आयी है कि दोनों आरोपी सिलीगुड़ी से सोने की खेप लेकर सहरसा की ओर जा रहे थे। पुलिस अब बरामद सोने के स्रोत और उसके संभावित गंतव्य से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।
कोसी-सीमांचल तक तस्करी का नेटवर्क होने का दावा
सूत्रों के अनुसार सिलीगुड़ी और नेपाल से कथित रूप से तस्करी के जरिये लाया जाने वाला सोना सहरसा और मधेपुरा की सराफा मंडियों तक पहुंचाये जाने की बात सामने आ रही है। सूत्रों ने कोसी-सीमांचल क्षेत्र में ऐसे कारोबार से जुड़े लोगों के सक्रिय होने का दावा किया है। हालांकि इस पूरे नेटवर्क के संबंध में पुलिस की जांच अभी जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद सोने की खेप कहां से आयी थी और इसे स्थानीय स्तर पर किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। जांच में कथित सिंडिकेट के मास्टरमाइंड और अन्य संभावित कड़ियों का भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
दुनियाभर के घुमक्कड़ पत्रकारों का एक मंच है,आप विश्व की तमाम घटनाओं को कवरेज करने वाले खबरनवीसों के अनुभव को पढ़ सकेंगे
https://www.roamingjournalist.com/