अशोक झा/ कोलकाता: बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने चाय बागानों के बंद होने के कारण बेरोजगार हुए चाय बागान मजदूरों के प्रत्येक पात्र परिवार को त्योहारों के सीजन में 5,000 रुपये और 50 किलो चावल देने की बुधवार को घोषणा की। यह चावल उन्हें पहले से मिल रहे 35 किलो चावल के अतिरिक्त दिए जाएंगे। शुभेंदु अधिकारी ने राज्य सचिवालय में मंत्रिमंडल की विशेष बैठक के बाद कहा कि यह लाभ दुर्गा पूजा से छठ पूजा तक दिया जाएगा। उन्होंने कहा, "यह लोगों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध सरकार की ओर से एक छोटा-सा कदम है। हम 60 वर्ष से कम उम्र के 19,524 मजदूरों के बैंक खातों में 5,000 रुपये भेजेंगे। प्रत्येक परिवार को 50 किलो अतिरिक्त चावल भी दिए जाएंगे।" उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ने यह कदम इसलिए उठाया है, क्योंकि इन मजदूरों को वेतन नहीं मिल रहा है और इस कारण वे बोनस पाने के पात्र नहीं हैं।अधिकारी ने बताया कि चालू चाय बागानों में काम करने वाले मजदूरों को इस साल पूजा बोनस के रूप में 20 प्रतिशत राशि दी गई है, जबकि पिछली सरकार के दौरान यह बोनस 16 प्रतिशत था। मुख्यमंत्री ने कहा कि बंद पड़े 21 चाय बागानों को दोबारा खोलने और रोजगार खो चुके मजदूरों को राहत देने के प्रयास किए जा रहे हैं। मंत्रिमंडल की बैठक में राज्य सरकार ने विभिन्न विभागों में 45,185 पदों पर भर्ती को भी मंजूरी दी। शुभेंदु अधिकारी ने कहा, "वित्त विभाग ने 45,185 पदों पर भर्ती को मंजूरी दे दी है। भर्ती प्रक्रिया जल्द ही शुरू होगी।" उन्होंने बताया कि कुल रिक्त पदों में से 33,199 पद स्कूल शिक्षा विभाग में भरे जाएंगे, जबकि पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में 7,119 नियुक्तियां की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीकी शिक्षा विभाग में 1,886 अधिकारियों और लिपिकों की भर्ती की जाएगी।
बंगाल में बंद चाय बागान के श्रमिकों को मिलेगा 5000 रुपए और 50 किलोग्राम चावल
Author -
roamingjournalist
October 15, 2026
0
roamingjournalist
दो दशक से ज्यादा हो गया पत्रकारिता में हूं। नाम है दिनेश चंद्र मिश्र। देश के कई राज्यों व शहरों में काम करने का मौका मिलने के बाद दोस्तों ने मोहब्बत में नाम दिया रोमिंग जर्नलिस्ट तो इसको रखने के साथ इस नाम से ब्लॉग बना लिया। पत्रकारिता की पगडंडी से लेकर पिच तक पर कलम से की-बोर्ड तक के सफर का साक्षी हूं। दैनिक जागरण,हिंदुस्तान,अमर उजाला के बाद आजकल नवभारत टाइम्स नईदिल्ली में हूं। आपातकाल से लेकर देश-दुनिया की तमाम घटनाओं का साक्षी रहा हूं। दुनियाभर में घूमने के बाद खबरों के आगे-पीेछे की कहानी आप संग शेयर करने के लिए यह ब्लॉग बनाया हूं
दुनियाभर के घुमक्कड़ पत्रकारों का एक मंच है,आप विश्व की तमाम घटनाओं को कवरेज करने वाले खबरनवीसों के अनुभव को पढ़ सकेंगे
https://www.roamingjournalist.com/