वाराणसी: स्थानीय थाना क्षेत्र के अंतर्गत राजघाट पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब पारिवारिक कलह से क्षुब्ध एक युवक ने गंगा नदी में छलांग लगा दी। घाट पर मुस्तैद सतर्क पुलिसकर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपनी जान पर खेलकर युवक की जान बचा ली और उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, निखिल सिंह नामक व्यक्ति का किसी बात को लेकर निराशा में आकर राजघाट पर गंगा नदी में छलांग लगा दी और देखते ही देखते गहरे पानी की तरफ जाने लगा।
घाट पर कानून-व्यवस्था और सुरक्षा के लिए ड्यूटी पर तैनात *36 वी वाहिनी रामनगर पीएसी बी दल ( बाढ़ राहत दल)* के मुख्य आरक्षी अनिल सिंह, आरक्षी कमलेश यादव और आरक्षी आशीष राम की नजर जैसे ही डूब रहे युवक पर पड़ी, उन्होंने बिना एक पल गंवाए सूझबूझ का परिचय दिया। जवानों ने तुरंत गंगा में छलांग लगाया और अपनी जान की परवाह किए बिना उसे सुरक्षित बाहर खींच लिया।
युवक के बाहर आने के बाद पुलिस ने फौरन उसकी पत्नी को फोन कर घटना की सूचना दी और मौके पर बुलाया। हालांकि, मानसिक तनाव के चलते निखिल अपनी पत्नी के साथ जाने को बिल्कुल तैयार नहीं हो रहा था और लगातार जिद पर अड़ा हुआ था। स्थिति को संभालते हुए ड्यूटी पर मौजूद कर्मियों ने तुरंत थाना आदमपुर के एसएचओ (SHO) को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही एसएचओ आदमपुर तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों ने युवक को प्रेमपूर्वक समझाया और काउंसलिंग करते हुए सुरक्षित रूप से अपने साथ थाने ले गए, जहाँ आगे की आवश्यक विधिक और पारिवारिक परामर्श की कार्रवाई की जा रही है।
मुख्य आरक्षी अनिल सिंह, आरक्षी कमलेश यादव और आरक्षी आशीष राम की इस मुस्तैदी, कर्तव्यनिष्ठा और त्वरित मानवीय कार्रवाई की स्थानीय नागरिकों और उच्च अधिकारियों द्वारा जमकर प्रशंसा की जा रही है। इन जवानों की तत्परता ने समय रहते एक हंसते-खेलते परिवार को उजड़ने से बचा लिया।
दुनियाभर के घुमक्कड़ पत्रकारों का एक मंच है,आप विश्व की तमाम घटनाओं को कवरेज करने वाले खबरनवीसों के अनुभव को पढ़ सकेंगे
https://www.roamingjournalist.com/