- भारतीय फुटबॉलर की ताकत आंकने का इससे अच्छा मौका ओर क्या?
अशोक झा/ कोलकाता: बंगाल में क्लब कल्चर के साथ फुटबॉल के प्रति लोगों की दीवानगी देखते ही बनती है। इसलिए
भारतीय फुटबॉल के लिए एक ऐतिहासिक मौका आने वाला है क्योंकि 'ब्लू टाइगर्स' (भारतीय टीम) तीन अक्टूबर को साल्ट लेक स्टेडियम में पांच बार की फीफा विश्व कप विजेता ब्राजील के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय दोस्ताना मुकाबला खेलेगी। यह मैच दुर्गा पूजा के पहले हो रहा है जिसको लेकर अभी से प्रशासकों में उत्साह और उमंग है। ब्राजीलियाई मीडिया में आई खबरों के बाद कई दिनों की अटकलों के बाद अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) और ब्राजीलियाई फुटबॉल परिसंघ (सीबीएफ) ने बुधवार को इस मैच की पुष्टि की. एआईएफएफ ने अपने आधिकारिक 'एक्स' हैंडल पर पोस्ट किया,'इतिहास के पन्नों में दर्ज होने वाली तारीख. तीन अक्टूबर को साल्ट लेक स्टेडियम में भारत बनाम ब्राजील फीफा अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैच.'
ब्राजील फुटबॉल संघ ने की पुष्टि
इस मुकाबले से भारत फीफा रैंकिंग प्रणाली (1992 से लागू) शुरू होने के बाद पहली बार ऊंची रैंकिंग पर काबिज टीम से भिड़ेगा. फिलहाल ब्राजील फीफा रैंकिंग में पांचवें स्थान पर है. कप्तान मार्किन्होस की अगुवाई वाली ब्राजीलियाई टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ क्वींसलैंड में 25 और 29 सितंबर को दो मैत्री मैच खेलने के बाद भारत आएगी सीबीएफ ने पहले ही इन मैच की घोषणा कर दी थी. सीबीएफ ने अपने आधिकारिक 'एक्स' हैंडल पर इस ऐतिहासिक मुकाबले की पुष्टि करते हुए इसे ब्राजील की राष्ट्रीय टीम के इतिहास का 'अभूतपूर्व अध्याय' बताया।हमारा अगला पड़ाव भारत'
सीबीएफ ने पोस्ट में लिखा, 'ऑस्ट्रेलिया से भारत तक. ब्राजील की राष्ट्रीय टीम का कार्यक्रम जारी है. ऑस्ट्रेलिया में होने वाले दोस्ताना मुकाबलों के बाद हमारा अगला पड़ाव भारत होगा, जहां हम अपने इतिहास का एक अभूतपूर्व अध्याय लिखेंगे.' सीबीएफ ने कहा कि तीन अक्टूबर को कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में खेला जाने वाला यह मुकाबला भारतीय धरती पर ब्राजील की राष्ट्रीय टीम का पहला मैच होगा. साथ ही उसने ब्राजील फुटबॉल के प्रति भारत के विशेष लगाव का भी उल्लेख किया.
'भारतीय प्रशंसकों के साथ जीतने को उत्साहित'
सीबीएफ ने अपनी पोस्ट में कहा, 'यह ऐसे देश के साथ एक विशेष मुलाकात होगी, जहां ब्राजील की राष्ट्रीय टीम के सबसे अधिक अंतरराष्ट्रीय प्रशंसक रहते हैं और जहां कई पीढ़ियों से लोगों ने ब्राजील फुटबॉल के इतिहास को अपार स्नेह और जुनून के साथ अपनाया है. हम भारत के लाखों प्रशंसकों के साथ इस खास पल को जीने के लिए उत्साहित हैं. कोलकाता में मुलाकात होगी.' यह मैत्री मैच ब्राजील के फीफा विश्व कप अभियान के कुछ महीनों बाद हो रहा है जिसमें टीम राउंड 16 से बाहर हो गई थी.
भारत में ब्राजील की गजब की लोकप्रियता
भारत में, खासकर कोलकाता में ब्राजील बहुत लोकप्रिय टीम है, जहां टूर्नामेंट के दौरान सड़कें एक बार फिर ब्राजील के मशहूर पीले और हरे रंगों में रंग गई थीं. एआईएफएफ के उप महासचिव एम सत्यनारायण ने इस मैच को भारतीय फुटबॉल के लिए एक ऐतिहासिक पल बताया. उन्होंने कहा, 'ब्राजील जैसी बड़ी टीम का हमारे देश में स्वागत करना एक असाधारण पल है और यह निश्चित रूप से भारतीय फुटबॉल के इतिहास में एक यादगार अध्याय बनेगा।खिलाड़ियों को परखने का बेहतरीन मौका'
राष्ट्रीय टीम के निदेशक सुब्रत पॉल ने कहा कि यह मैच भारतीय खिलाड़ियों को फुटबॉल के सबसे महान देशों में से एक के खिलाफ खुद को परखने का दुर्लभ मौका देगा. उन्होंने कहा, 'इस तरह के अनुभव खिलाड़ियों को आगे बढ़ने की चुनौती देते हैं, उन्हें बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित करते हैं और ऐसी यादें छोड़ते हैं जो उनके पूरे करियर में उनके साथ रहती हैं.' ब्राजील का भारत दौरा कोलकाता के साथ दक्षिण अमेरिकी फुटबॉल दिग्गजों के करीब पांच दशक पुराने रिश्ते को भी दोहराएगा.
भारत का ब्राजील से रिश्ता 1977 से!
कोलकाता का ब्राजील फुटबॉल के प्रति प्रेम 24 सितंबर 1977 से जुड़ा है, जब महान खिलाड़ी पेले की टीम न्यूयॉर्क कॉसमॉस ने ईडन गार्डन्स में मोहन बागान के खिलाफ एक यादगार प्रदर्शनी मुकाबला खेला था,जो 2-2 से बराबरी पर समाप्त हुआ था. कोलकाता इससे पहले भी कई अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल दिग्गजों की मेजबानी कर चुका है. इनमें जर्मनी का दिग्गज क्लब बायर्न म्यूनिख भी शामिल हैं जिसने 2008 में ओलिवर कान के विदाई मुकाबले में मोहन बागान के खिलाफ मैच खेला था।
दुनियाभर के घुमक्कड़ पत्रकारों का एक मंच है,आप विश्व की तमाम घटनाओं को कवरेज करने वाले खबरनवीसों के अनुभव को पढ़ सकेंगे
https://www.roamingjournalist.com/