अशोक झा/ कोलकाता: पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखाली में शनिवार सुबह पश्चिम बंगाल पुलिस की एसटीएफ ने टीएमसी के एक नेता के तालाब में छिपाकर रखे गए हथियारों और कारतूसों का एक बड़ा जखीरा बरामद किया। गुप्त सूत्र से मिली जानकारी के आधार पर, एसटीएफ के जांचकर्ताओं ने शनिवार सुबह उस इलाके में छापेमारी और तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान अधिकारियों को तालाब से हथियारों का एक जखीरा मिला।अधिकारियों के अनुसार ये हथियार कथित तौर पर तालाब में छिपाकर रखे गए थे। सूचना के आधार पर एसटीएफ ने शनिवार सुबह संदेशखाली और आसपास के इलाकों में छापेमारी की। इस दौरान जांचकर्ताओं ने पूर्व तृणमूल क्षेत्रीय अध्यक्ष रॉबिन दास से जुड़े एक तालाब से बड़ी संख्या में हथियार और गोला-बारूद बरामद किए। रॉबिन दास के भाई गोपाल दास भी जांच के दायरे में हैं। अधिकारियों के मुताबिक, छापेमारी से पहले ही रॉबिन दास और गोपाल दास इलाके से फरार हो गए थे। पुलिस ने दोनों के घर और आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया।
जांच एजेंसियों को आशंका है कि इन हथियारों को क्षेत्र में अशांति फैलाने के उद्देश्य से जमा किया गया था। हथियारों की बरामदगी की खबर फैलते ही इलाके में बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और वहां अफरा-तफरी मच गई।
अधिकारियों ने बताया कि तलाशी अभियान अभी भी जारी है और फरार दोनों भाइयों की तलाश के लिए बड़े स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। दोनों पर पहले भी स्थानीय लोगों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं को धमकाने व हिंसा से जुड़े आरोप लग चुके हैं।
हथियारों की बरामदगी के बाद भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। भाजपा विधायक सजल घोष ने आरोप लगाया कि इन हथियारों का इस्तेमाल आम लोगों और विपक्षी कार्यकर्ताओं को निशाना बनाने के लिए किया जा सकता था।
वहीं, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुभेंदु अधिकारी ने इस कार्रवाई को अवैध हथियारों के नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता बताया और पुलिस की सराहना की।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किए गए एक पोस्ट में सुभेंदु अधिकारी ने कहा कि एसटीएफ ने खुफिया सूचना के आधार पर कुमराखाली, बसंती और संदेशखाली क्षेत्रों में व्यापक छापेमारी की और शांति भंग करने के उद्देश्य से छिपाकर रखे गए बड़ी मात्रा में अवैध हथियार और गोला-बारूद बरामद किए।
उन्होंने लिखा, “पश्चिम बंगाल पुलिस को इस बड़ी सफलता के लिए बधाई। सटीक खुफिया जानकारी के आधार पर स्पेशल टास्क फोर्स ने कुमराखाली, बसंती और संदेशखाली के सरबेरिया बाजार के आसपास कई स्थानों पर व्यापक छापेमारी की। बलों ने शांति भंग करने के लिए छिपाकर रखे गए अवैध हथियारों और गोला-बारूद का विशाल जखीरा जब्त किया है।”
सुवेंदु अधिकारी ने आगे दावा किया कि पूर्ववर्ती शासन के दौरान ऐसे अवैध हथियारों का भंडारण किया जाता था और उनका इस्तेमाल आम नागरिकों को डराने-धमकाने के लिए किया जाता था। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी राज्य से अवैध हथियारों और राजनीतिक हिंसा को खत्म करने के लिए प्रयास जारी रखेगी।
उन्होंने कहा, “पिछले कई वर्षों तक ऐसे अवैध हथियार जमा किए गए और आम लोगों को आतंकित करने के लिए उनका बेरहमी से इस्तेमाल किया गया। इस हिंसा की संस्कृति ने कई विपक्षी कार्यकर्ताओं, विशेषकर भाजपा कार्यकर्ताओं की जान ली, जिन्होंने अत्याचार के खिलाफ आवाज उठाई थी।”
उन्होंने आगे कहा, “वे अंधेरे दिन अब समाप्त हो चुके हैं। हमारी सरकार कानून-व्यवस्था बहाल करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। हम पश्चिम बंगाल के हर कोने से अवैध हथियारों को खोजकर बरामद करने का काम जारी रखेंगे। अपराध और राजनीतिक आतंकवाद को राज्य से पूरी तरह समाप्त किया जाएगा। राज्य में शांति, सुरक्षा और लोकतंत्र की जीत होगी।”
दुनियाभर के घुमक्कड़ पत्रकारों का एक मंच है,आप विश्व की तमाम घटनाओं को कवरेज करने वाले खबरनवीसों के अनुभव को पढ़ सकेंगे
https://www.roamingjournalist.com/