- इस कार्रवाई से शुरू हुई राजनीति, भाजपा टीएमसी आमने सामने
अशोक झा/कोलकाता: बंगाल के पूर्व सीएम ममता बनर्जी के भतीजे और सांसद अभिषेक बनर्जी के कोलकाता में कालीघाट स्थित आवास के बाहर बुलडोजर एक्शन देखने को मिला है। कोलकाता नगर निगम के अधिकारी अभिषेक बनर्जी के आवास के सामने फुटपाथ पर बने एक अस्थायी टिन शेड को हटा रहे हैं।
यह ढांचा बांस से बना था और फुटपाथ पर लगा था। निगम अधिकारियों का कहना है कि इससे रास्ते पर चलने वाले आम लोगों को काफी परेशानी हो रही थी, इसलिए इसे हटाना जरूरी था। उन्होंने आगे बताया कि कार्रवाई सुबह-सुबह शुरू हुई। केएमसी की टीम बुलडोजर लेकर अभिषेक बनर्जी के घर पहुंची। ढांचा हटाने से पहले उनके घर के आसपास केंद्रीय सुरक्षा बलों की एक बड़ी टीम भी तैनात की गई थी। सुरक्षा के कड़े इंतजाम के बीच ही यह कार्रवाई की गई।
बता दें कि यह कदम उस घटना के कुछ दिनों बाद उठाया गया है, जब अभिषेक बनर्जी के 39 वें जन्मदिन के मौके पर उनके घर के बाहर भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच देर रात झड़प हुई थी। जो शुरू में कहासुनी थी, वह धीरे-धीरे हाथापाई और पत्थरबाजी में बदल गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमले का आरोप लगाया। अभिषेक बनर्जी ने उस घटना में आरोप लगाया था कि उनकी जान लेने की कोशिश की गई। उन्होंने भाजपा समर्थकों पर पास स्थित तृणमूल कार्यालय में तोड़फोड़ करने का भी आरोप लगाया। वहीं भाजपा पक्ष ने भी अपने कार्यकर्ताओं पर हमले की बात कही। पुलिस के अनुसार, झड़प में दोनों तरफ से कई लोग घायल हुए थे।धरने पर बैठ गए थे अभिषेक बनर्जी
झड़प की घटना के बाद अभिषेक बनर्जी शुक्रवार रात अपने घर के सामने ही धरने पर बैठ गए थे। उन्होंने कहा था कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, वह धरने से नहीं उठेंगे। इस घटना ने कालीघाट और आसपास के इलाके में राजनीतिक तनाव बढ़ा दिया था।अभिषेक बनर्जी के घर के बाहर हुई झड़प को लेकर मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने भी भाजपा पर तीखा हमला बोला था। उन्होंने अपने भतीजे के घर पर हुए हमले की कड़ी निंदा की थी।अभिषेक बनर्जी ने क्या आरोप लगाया?
जो घटना एक बहस से शुरू हुई थी, वह आखिरकार हाथापाई और पत्थरबाजी में बदल गई। अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि उन पर जानलेवा हमला करने की कोशिश की गई और उन्होंने भाजपा समर्थकों पर पास के टीएमसी कार्यालय में तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया। बुधवार को, अभिषेक बनर्जी ने कोलकाता पुलिस पर निगरानी रखने का आरोप लगाया और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से हस्तक्षेप करने की मांग की।
दिलीप घोष ने क्या कहा?
इस मामले पर मंत्री दिलीप घोष ने गुरुवार सुबह मीडिया से बात करते हुए कहा, 'ममता बनर्जी का परिवार सरकारी सुविधाओं का सबसे बड़ा लाभार्थी है और उसने इनका सबसे ज्यादा दुरुपयोग किया है। उनके परिवार के सदस्यों ने फुटपाथों और अन्य सार्वजनिक जगहों पर कब्जा कर रखा है। ऐसा बहुत से नेताओं ने किया है। पहले भी बुलडोजर चला है और अभी भी चल रहा है।'
एक्स पर क्या लिखा?
'एक्स' पर एक पोस्ट में उन्होंने लिखा, 'एक बार फिर, कोलकाता पुलिस के अधिकारी सरकारी पुलिस वाहनों का इस्तेमाल मेरे घर के आसपास निगरानी रखने और मुझ पर नजर रखने के लिए कर रहे हैं। पिछले हफ्ते भी उन्होंने इसी तरह की रेकी की थी, जिसके बाद 7 नवंबर को उपद्रवियों ने हमला कर दिया। चार दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक एक भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। मुझे पक्का यकीन है कि एक और हमले की साजिश रची जा रही है।'
पोस्ट में आगे लिखा गया, 'क्या इसका मकसद मुझे डराना और चुप कराना है, जबकि पूरे राज्य में दुष्कर्म और अन्य अपराध बेरोकटोक जारी हैं? भाजपा सरकार मेरी आवाज से इतनी डरी हुई क्यों है? और मेरी बार-बार की शिकायतों के बावजूद, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने हस्तक्षेप क्यों नहीं किया? क्या पुलिस बल का इस्तेमाल नागरिकों की सुरक्षा के लिए किया जा रहा है, या उन लोगों को डराने के लिए जो सरकार से सवाल पूछने की हिम्मत करते हैं?' इससे पहले, शुक्रवार को अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि कुछ अज्ञात लोग दो दिनों से उनके कार्यालय और आवास की रेकी (निगरानी) कर रहे थे।
दुनियाभर के घुमक्कड़ पत्रकारों का एक मंच है,आप विश्व की तमाम घटनाओं को कवरेज करने वाले खबरनवीसों के अनुभव को पढ़ सकेंगे
https://www.roamingjournalist.com/