- गिरफ्तारी के दौरान फायरिंग में आरोपी हुआ घायल
अशोक झा/ कोलकाता:पश्चिम बंगाल के आसनसोल में बुधवार को पुलिस टीम पर फायरिंग कर फरार हुआ आरोपी शुक्रवार सुबह पुलिस के हत्थे चढ़ गया।आसनसोल के हिरापुर इलाके में छापेमारी के दौरान भागे प्रताप दास उर्फ 'प्यान' को इस्माइल रोड के घनी आबादी वाले रिहायशी इलाके में घेर लिया गया।इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, घिरने के बाद आरोपी ने एक बार फिर पुलिस पर गोली चलाई. जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
घरों की तलाशी ली, दीवारें फांदकर आरोपी तक पहुंची पुलिस
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट ने बड़े स्तर पर तलाशी अभियान चलाया। पुलिस को गुरुवार को सूचना मिली थी कि प्रताप दास इस्माइल रोड के घनी आबादी वाले इलाके में छिपा हुआ है। रिहायशी क्षेत्र में किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए शुक्रवार तड़के अभियान शुरू किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों ने इलाके के घरों की तलाशी ली और आरोपी तक पहुंचने के लिए कई जगहों पर परिसर की दीवारें भी फांदी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी रिवॉल्वर लेकर भागने की कोशिश कर रहा था. पुलिस को देखकर वह एक मकान में पानी की टंकी के पीछे छिप गया और कथित तौर पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
गोलीबारी की आवाज से दहशत में आए स्थानीय लोग
पुलिस की कार्रवाई के दौरान गोलियों की आवाज सुनकर इलाके के लोग घबरा गए. एक स्थानीय निवासी ने बताया कि वह पिछले 15 वर्षों से वहां रह रहे हैं, लेकिन ऐसा घटनाक्रम पहली बार देखा. उनके मुताबिक, सुबह लोगों को सूचना मिली थी कि आरोपी इलाके में छिपा है और सभी को दरवाजे-खिड़कियां बंद रखने को कहा गया है. इसके बाद उन्होंने भी घर के दरवाजे बंद कर लिए. कुछ देर बाद गोली चलने की आवाज सुनाई दी.
एक अन्य निवासी ने बताया कि गलियों में पुलिसकर्मियों की भागदौड़ देखकर लोग डर गए थे. उन्हें अपनी बेटी की सुरक्षा की चिंता हुई, जो स्कूल से लौटने वाली थी. उन्होंने स्कूल फोन कर बच्ची को घर नहीं भेजने का अनुरोध किया. इसके बाद इलाके में गोलियों की आवाज सुनाई दी।
मोबाइल फोन से लोकेशन का पता लगाने में जुटी थी पुलिस: बुधवार को फरार होने के बाद पुलिस प्रताप दास की तलाश में जुटी थी। उसकी लोकेशन का पता लगाने के लिए पुलिस ने उसकी मां, पत्नी और अन्य सहयोगियों के मोबाइल फोन की निगरानी की। इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग-19 से लेकर पश्चिम बंगाल-झारखंड सीमा तक कई जगह वाहनों की जांच की गई। पुलिस को आशंका थी कि वह झारखंड की ओर भाग सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक, गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार ठिकाने बदल रहा था. वह सिम कार्ड और मोटरसाइकिल भी बदल रहा था. प्रताप दास पर बैंक लूट, अवैध हथियारों के कारोबार, नशीले पदार्थों की तस्करी और साइबर धोखाधड़ी समेत कई मामलों में आरोप हैं। वह हाल ही में जमानत पर न्यायिक हिरासत से बाहर आया था।
बीरभूम में भी हुई थी पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़
यह घटना बीरभूम जिले में हुई एक अन्य मुठभेड़ के कुछ सप्ताह बाद सामने आई है। वहां रतन शेख नाम के एक आरोपी ने गिरफ्तारी के लिए पहुंची पुलिस टीम पर कथित तौर पर गोली चलाई थी, जिसमें एक कांस्टेबल घायल हो गया था. बाद में 15 नवंबर को नानूर में हुई मुठभेड़ में रतन शेख की मौत हो गई थी।।फिलहाल आसनसोल पुलिस ने शुक्रवार की कार्रवाई को लेकर आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। गोली लगने से घायल प्रताप दास अस्पताल में भर्ती है।
दुनियाभर के घुमक्कड़ पत्रकारों का एक मंच है,आप विश्व की तमाम घटनाओं को कवरेज करने वाले खबरनवीसों के अनुभव को पढ़ सकेंगे
https://www.roamingjournalist.com/