- मंत्री शंकर घोष ने कहा वह पूरे मामले पर सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट से करेंगे बात
अशोक झा/ सिलीगुड़ी: सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट के न्यू जलपाईगुड़ी (NJP) रेलवे स्टेशन के पास भारी मात्रा में कारतूस और हथियार से भरा एक लावारिस बैग बरामद हुआ है। 10 नवंबर 2026 को हुई इस बड़ी कार्रवाई में पुलिस ने फुलेश्वरी ट्रैफिक पुलिस आउटपोस्ट के ठीक बगल से एक संदिग्ध झोला बरामद किया, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन के पास के इलाके में कई हथियार और करीब 150 राउंड जिंदा कारतूस बरामद किए गए। यह घटना इंडियन ऑयल के पास जबराविता अंडरपास की पुलिस चौकी के पास हुई, जो आबादी वाले इलाके में है। त्योहारों के मौसम में इतनी बड़ी मात्रा में हथियारों की बरामदगी से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, निताई शील नाम के एक व्यक्ति ने सुबह जबराभिट्ठा अंडरपास पर पुलिस चौकी के पास एक लावारिस बैग पड़ा देखा। शक होने पर वह बैग देखने गया और उसमें हथियारों और कारतूस के निशान मिले। उसने तुरंत न्यू जलपाईगुड़ी पुलिस स्टेशन को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और बैग को जब्त कर लिया और वहां से हथियार और कारतूस बरामद किए।बरामद कारतूस: झोले की तलाशी लेने पर कुल 137 जिंदा व इस्तेमाल किए गए कारतूस बरामद हुए हैं।कारतूसों का विवरण: इसमें SLR के 97 कारतूस (जिसमें 14 इस्तेमाल किए जा चुके हैं) और 9 mm पिस्तौल के 40 कारतूस (जिसमें 10 इस्तेमाल किए जा चुके हैं) शामिल हैं। इसके अलावा बैग से एक खाली मैगजीन भी मिली है। सुरक्षा पर सवाल: यह बैग न्यू जलपाईगुड़ी थाने के तहत पुलिस आउटपोस्ट के बेहद करीब सड़क पर पड़ा मिला था। इतने संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले रेलवे स्टेशन इलाके में सेना और पुलिस द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले एसएलआर के कारतूस मिलने से हड़कंप मच गया है। पुलिस की जांच: सूचना मिलते ही NJP पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और हथियारों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि क्या किसी आपराधिक या राष्ट्रविरोधी गिरोह ने किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के उद्देश्य से इन्हें यहां छिपाया था। इससे पहले अक्टूबर के आखिरी हफ्ते में भी सिलीगुड़ी जीआरपी ने एनजेपी स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर डाउन विवेक एक्सप्रेस ट्रेन से बिहार के दो तस्करों को अवैध आग्नेयास्त्रों के साथ गिरफ्तार किया था। लगातार हो रही इन बरामदगी के बाद सिलीगुड़ी और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बलों ने गश्त और चेकिंग अभियान को काफी तेज कर दिया है।
महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशनों और फ्यूल डिपो के पास हथियारों का इतना बड़ा स्टॉक होने से सुरक्षा को लेकर बड़े सवाल उठने लगे हैं। पुलिस ने यह पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है कि हथियार वहां किसने और किस मकसद से छोड़े थे। घटना पर चिंता जताते हुए टूरिज्म मिनिस्टर शंकर घोष ने कहा कि वह पूरे मामले पर सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट से बात करेंगे। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी मात्रा में कारतूस कहां से लाए गए और इसके पीछे कोई क्रिमिनल गैंग है या नहीं, इसकी पूरी जांच की जरूरत है। उन्होंने कहा कि वह पुलिस कमिश्नर से बात करने के बाद ही इस बारे में डिटेल्स दे पाएंगे।
दुनियाभर के घुमक्कड़ पत्रकारों का एक मंच है,आप विश्व की तमाम घटनाओं को कवरेज करने वाले खबरनवीसों के अनुभव को पढ़ सकेंगे
https://www.roamingjournalist.com/