- पत्नी के नाम पर सिलीगुड़ी में करोड़ों की जमीन, पटना में फ्लैट, बिहार के भ्रष्ट इंजीनियर के ठिकानों पर रेड
अशोक झा/ पटना: बिहार में एक बार फिर धन कुबेर इंजीनियर का पता चला है। निगरानी ब्यूरो की टीम ने ग्रामीण कार्य विभाग के सासाराम प्रमंडल में कार्यपालक अभियंता, जांच एवं गुणवत्ता अजीत कुमार दास एवं उनके परिजनों के छह ठिकानों पर गुरुवार को छापेमारी की। टीम ने पटना, कटिहार, सासाराम, नवगछिया और भागलपुर में उनके आवासीय और अन्य ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान अजीत दास एवं उनके परिजनों के नाम 12 करोड़ 66 लाख रुपये की चल-अचल संपत्तियां मिलीं। इनमें पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी स्थित महंगे इलाके में पत्नी के नाम वर्ष 2021 में खरीदी 92 डिसमिल जमीन के 10 डीड शामिल हैं जिनका बाजार मूल्य 10 करोड़ रुपये से अधिक है। इन संपत्तियों को वार्षिक संपत्ति ब्योरा में नहीं दिखाया गया है। पटना में दो फ्लैट, बैंक, शेयर, एलआईसी में निवेश संबंधी कागजात भी बरामद हुए हैं।प्रारंभिक जांच में अभियंता के पास ज्ञात आय से करीब 1.50 करोड़ रुपये अधिक की संपत्ति होने का मामला सामने आया है। कार्रवाई के दौरान निगरानी विभाग की अलग-अलग टीमें कई ठिकानों पर पहुंचीं और संपत्ति से संबंधित कागजात, वित्तीय रिकॉर्ड तथा अन्य दस्तावेजों की जांच की। पटना में निर्माणाधीन मकान से लेकर कटिहार में किराये के आवास और नवगछिया के पैतृक घर तक जांच का दायरा रखा गया है। फिलहाल तलाशी अभियान जारी है और जांच पूरी होने के बाद बरामदगी का विस्तृत ब्योरा सामने आने की उम्मीद है। गोपनीय शिकायत के बाद शुरू हुई जांच: निगरानी विभाग के मुताबिक, कार्यपालक अभियंता अजीत कुमार दास के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने को लेकर गोपनीय शिकायत मिली थी। शिकायत के आधार पर विभाग ने पहले मामले का सत्यापन किया। प्रारंभिक जांच में उनकी ज्ञात वैध आय और कथित रूप से अर्जित संपत्ति के बीच अंतर सामने आया। जांच के दौरान करीब 1.50 करोड़ रुपये की आय से अधिक संपत्ति का मामला सामने आने के बाद निगरानी विभाग ने प्राथमिकी दर्ज की। इसके बाद अदालत से तलाशी की अनुमति लेकर अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की गई।इसके बाद में एक साथ गृह तलाशी की कार्रवाई शुरू की गई। अजीत कुमार दास पूर्व में ग्रामीण कार्य विभाग के भागलपुर डिवीजन में कार्यपालक अभियंता के पद पर तैनात थे। वर्तमान में उनकी पोस्टिंग सासाराम में है। वह वर्ष 2013 से ग्रामीण कार्य विभाग में कार्यरत हैं।
राजधानी पटना के जगदेव पथ में स्थित वामिका अपार्टमेंट के ब्लाक A के फ़्लैट सख्या 101 और 208 समेत निगरानी विभाग की अलग-अलग टीमों ने अभियंता से जुड़े संभावित ठिकानों पर दबिश देकर चल-अचल संपत्तियों, निवेश और आय के स्रोतों की पड़ताल की। कार्रवाई के दौरान विभिन्न स्थानों पर मौजूद दस्तावेजों और रिकॉर्ड को खंगाला गया। इस तलाशी अभियान का मकसद ज्ञात वैध आय और अर्जित संपत्ति के बीच के अंतर से जुड़े साक्ष्य जुटाना है।निगरानी थाना कांड संख्या 137/26, दिनांक 23 नवंबर 2026 के तहत उनके कई ठिकानों पर एक साथ गृह तलाशी की जा रही है।अभियुक्त के खिलाफ 1 करोड़ 52 लाख 4 हजार 880 रुपये की प्रत्यानुपातिक धनार्जन का मामला है। विशेष निगरानी न्यायालय, पटना से सर्च वारंट मिलने के बाद 26 नवंबर को निगरानी ब्यूरो की छह तलाशी टीमों ने पटना, भागलपुर, नवगछिया, कटिहार, मुंगेर और सासाराम स्थित आवासों तथा कार्यालयों में तलाशी शुरू की।
निगरानी ब्यूरो के मुताबिक, अजीत कुमार दास, उनकी पत्नी और परिजनों के नाम पर कुल 16 अचल संपत्तियां मिली हैं। इनका कुल मूल्य 2 करोड़ 54 लाख 24 हजार 880 रुपये बताया गया है। इसके अलावा तीन चल संपत्तियों का मूल्य 12 लाख 30 हजार रुपये आंका गया है। ब्यूरो के अनुसार, ये संपत्तियां अभियुक्त की ज्ञात आय से करीब 80 प्रतिशत अधिक हैं। इसी आधार पर आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया है। निगरानी ब्यूरो की टीमों ने अभियुक्त के पटना, भागलपुर, नवगछिया, कटिहार, मुंगेर और सासाराम स्थित आवासों तथा कार्यालयों की तलाशी ली। कटिहार में गौशाला चौक, मनिहारी रोड स्थित सुरेश सिंह के किराये के मकान और सासाराम में जांच एवं गुणवत्ता नियंत्रण प्रमंडल कार्यालय में भी तलाशी की जा रही है। अभियुक्त का वर्तमान पदस्थापन सासाराम प्रमंडल में अधीक्षण अभियंता, जांच एवं गुणवत्ता नियंत्रण के पद पर बताया गया है।तलाशी के दौरान निगरानी टीम को पटना स्थित दो फ्लैटों के डीड और बैंक, शेयर तथा एलआईसी में निवेश से जुड़े कागजात मिले हैं। ब्यूरो के अनुसार, संपत्ति से संबंधित अन्य दस्तावेज भी बरामद हुए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
निगरानी ब्यूरो के मुताबिक, अभियुक्त की पत्नी के नाम पर सिलीगुड़ी के व्यावसायिक इलाके में वर्ष 2021 में 10 डीड के जरिए कुल 92 डिसमिल जमीन खरीदे जाने के दस्तावेज मिले हैं। ब्यूरो का कहना है कि यह संपत्ति वार्षिक संपत्ति विवरण में नहीं दिखाई गई थी। ब्यूरो ने स्थानीय बाजार भाव के आधार पर इस जमीन की कीमत 10 करोड़ रुपये से अधिक होने का अनुमान जताया है। यह मूल्यांकन प्रारंभिक बताया गया है और संपत्ति के दस्तावेजों तथा कीमत की जांच जारी है।
विभागीय विवरण के अनुसार, अजीत कुमार दास वर्ष 2014 से 2017 तक मढ़ौरा, छपरा में सहायक अभियंता रहे। इसके बाद 2017 से 2020 तक वारसोई, कटिहार और 2020 से 2024 तक किशनगंज में सहायक अभियंता के पद पर कार्यरत रहे। वर्ष 2024 से 2025 तक उन्होंने सासाराम में गुणवत्ता लैब नियंत्रण से जुड़े पद पर काम किया। वर्ष 2025 से जून 2026 तक भागलपुर प्रमंडल में जांच एवं गुणवत्ता विभाग में पदस्थापित रहे और जुलाई 2026 से सासाराम प्रमंडल में कार्यरत बताए गए हैं। निगरानी ब्यूरो के अनुसार, तलाशी और मामले का अनुसंधान जारी है। बरामद दस्तावेजों तथा अन्य संपत्तियों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दुनियाभर के घुमक्कड़ पत्रकारों का एक मंच है,आप विश्व की तमाम घटनाओं को कवरेज करने वाले खबरनवीसों के अनुभव को पढ़ सकेंगे
https://www.roamingjournalist.com/