- यह तारीख दक्षिण एशिया की राजनीति और भारत-बांग्लादेश संबंधों के लिहाज से अहम
- विजय दिवस पर वतन वापसी को लेकर राजनीतिक पंडितों की बिगड़ी गणित
बांग्लादेश बोर्डर से अशोक झा: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने अपनी वतन वापसी को लेकर बड़ा कदम उठाया है। भारत में निर्वासन का जीवन बिता रहीं हसीना अब 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटना चाहती हैं। खास बात यह है कि उन्होंने वापसी के लिए बांग्लादेश सरकार से सरकारी विमान की व्यवस्था करने की मांग भी की है। उनकी इस घोषणा के बाद बांग्लादेश की राजनीति में हलचल तेज होने की संभावना है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शेख हसीना के प्रवक्ता सैयद मोजम्मेल अली ने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री ने 16 दिसंबर को ढाका लौटने की इच्छा जताई है। यह तारीख बांग्लादेश के विजय दिवस के रूप में मनाई जाती है। इसी दिन 1971 के मुक्ति संग्राम में पाकिस्तान की हार के बाद बांग्लादेश स्वतंत्र हुआ था। सरकार से की सरकारी विमान की मांगहसीना का कहना है कि 5 अगस्त 2024 को उन्हें बांग्लादेश के विमान से भारत लाया गया था। ऐसे में अब उनकी वापसी के लिए भी बांग्लादेश सरकार को विमान उपलब्ध कराना चाहिए। उन्होंने विमान बांग्लादेश एयरलाइंस के जरिए दिल्ली से ढाका पहुंचने की व्यवस्था करने की मांग की है।
वापसी की राह में कानूनी मुश्किलें: शेख हसीना की वापसी आसान नहीं दिखाई दे रही है। बांग्लादेश में उनकी पार्टी अवामी लीग पर प्रतिबंध है और 2024 के छात्र आंदोलन के दौरान हुई हिंसा से जुड़े मामले में उन्हें अनुपस्थिति में मौत की सजा सुनाई जा चुकी है। हसीना इन आरोपों को खारिज करती रही हैं।.वहीं, बांग्लादेश सरकार की ओर से संकेत दिया गया है कि देश लौटने पर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जा सकता है। ऐसे में 16 दिसंबर की तारीख दक्षिण एशिया की राजनीति और भारत-बांग्लादेश संबंधों के लिहाज से अहम हो सकती है। तारिक रहमान के सामने राजनीतिक और आर्थिक चुनौतियां:
फरवरी में हुए चुनावों के बाद बीएनपी नेता तारिक रहमान के नेतृत्व में सरकार बनी। सत्ता संभालने के बाद से ही सरकार को कई मोर्चों पर चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। आर्थिक दबाव के साथ-साथ राजनीतिक विरोध और शेख हसीना की वापसी को लेकर चल रही चर्चाएं भी सरकार के लिए अहम मुद्दे बन गई हैं।।इसके अलावा क्षेत्रीय तनाव और अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का असर भी देश की अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है। ऐसे माहौल में शेख हसीना की संभावित वापसी का मुद्दा तारिक रहमान सरकार के लिए राजनीतिक रूप से संवेदनशील हो सकता है। शेख हसीना के मुल्क वापसी की तारीख सामने आ गई है। खबर है कि वह 16 दिसंबर को ढाका वापसी की तैयारी कर रहीं हैं। हालांकि, इसे लेकर बांग्लादेश सरकार की ओर से आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा गया है। प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने भी नहीं सोचा होगा कि शेख हसीना बांग्लादेश लौटने का इतनी जल्दी ऐलान करेंगी और राजनीति का भंवर तूफान का रूप ले लेगा। सत्ता पर कब्जे का ख्वाब देखने वाला विपक्षी दल जमात-ए-इस्लामी भी हैरान परेशान है।
बांग्लादेश में मौजूदा हालात की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि देश के कुल 64 जिलों में से 28 जिले हिंसा की चपेट में हैं। राजनीतिक दलों के बीच झड़पों, तोड़फोड़, बम धमाकों और आगजनी की खबरें आ रही हैं। तारिक रहमान की सख्ती की चेतावनी के बाद भी हालात सुधर नहीं रहे हैं, करीब 600 लोगों को अब तक गिरफ्तार किया जा चुका है जिनमें से ज्यादातर शेख हसीना की पार्टी के लोग हैं। वह तो सौभाग्य रहा कि चटगांव स्थित मोहम्मद यूनुस के पैतृक निवास की आग को समय रहते बुझा दिया गया अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था क्योंकि मो. यूनुस के भाई का परिवार इसी मकान में रहता है। खबर यह भी आ रही है कि तारिक की बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के दो नेताओं की मौत हो गई है।
मो. यूनुस के बाद खालिदा जिया के बेटे तारिक रहमान सत्ता में आए, वे लंदन में ऐशो-आराम की जिंदगी जी रहे थे मगर अपने देश लौटे और लोगों ने उन्हें सत्ता पर आसीन भी कर दिया। उम्मीद थी कि वे भारत के साथ रिश्तों को सुधारेंगे मगर वे तो नाम लिए बगैर भारत पर ठीकरा फोड़ने लगे। उन्हें यह बात नहीं सुहा रही थी कि भारत से प्रेम करने वाली शेख हसीना भारत जा पहुंची हैं। इसके बावजूद ऐसा लग रहा था कि बांग्लादेश सही राह पर आगे बढ़ेगा। तो फिर ऐसा क्या हो गया कि ये नया तूफान खड़ा हो गया? मुझे लगता है कि अंदर ही अंदर आग सुलग रही थी। उसे बस नई हवा मिल गई। यूनुस ने षड्यंत्रपूर्वक अवामी लीग को आतंकवाद विरोधी कानून के तहत प्रतिबंधित कर दिया और जिस तरह से शेख हसीना को मौत की सजा सुना दी गई, उससे अवामी लीग के कार्यकर्ता भयंकर गुस्से से भरे हुए थे। वे वक्त के इंतजार में थे, जुलाई में जब एक साक्षात्कार में शेख हसीना ने दिसंबर 2026 तक देश लौटने के बारे में मंशा जताई तो उनके कार्यकर्ता जोश से भरने लगे। अगस्त 2026 में फॉरेन कॉरेस्पोंडेंट्स क्लब के कार्यक्रम को वर्चुअल रूप से संबोधित करते हुए जब उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि गिरफ्तारी या जान के खतरे के बावजूद वे दिसंबर 2026 में देश लौटेंगी तो फिर अवामी लीग आर-पार के मूड में आ गई। बंगाली अस्मिता भी एक मुद्दा बन गया है। पहली शुरुआत बांग्लादेश के कपड़ा उद्योग से हुई, करीब 10 लाख मजदूरों ने अचानक हड़ताल कर दी और 500 से भी ज्यादा फैक्ट्रियों में उत्पादन बंद हो गया। हसीना ने अपने कार्यकाल में 45 अरब डॉलर सालाना निर्यात के साथ बांग्लादेश को दुनिया का दूसरा बड़ा कपड़ा निर्यातक देश बना दिया था। अब निर्यात घट कर 38 अरब डॉलर से भी नीचे आ गया है और गिरावट जारी है, स्वाभाविक रूप से कपड़ा मजदूरों को हसीना की याद आ रही होगी। जो लोग चाहते हैं कि देश कट्टरपंथ की राह पर नहीं जाए, वे भी हसीना की वापसी चाहते हैं। हालांकि यह डर बना रहेगा कि कहीं सच में उन्हें फंदे पर न लटका दिया जाए। मगर उनकी पार्टी ने अपनी ताकत का इजहार करके सत्ता को बता दिया है कि हसीना को फांसी पर यदि लटकाने की कोशिश की गई तो फिर कोई नहीं बचेगा। इधर भारत भी निश्चित रूप से यह सुनिश्चित करेगा ही कि उन्हें कोर्ट में अपना पक्ष रखने का मौका मिले। शायद अमेरिका भी नहीं चाहेगा कि हसीना फंदे पर लटकें।जहां तक पाकिस्तान का सवाल है तो मो. यूनुस के कंधे पर उसने अपनी बंदूक रख कर चलाने की कोशिश की थी लेकिन जमात-ए-इस्लामी को सत्ता नहीं सौंपकर लोगों ने बता दिया कि वे कट्टरपंथियों की गोद में नहीं खेलेंगे। अब अवामी लीग के आंदोलन से जमात हैरत में है। उसने 31 दिसंबर तक आंदोलन का ऐलान किया है। तो क्या अवामी लीग और जमात के बीच अब खूनी संघर्ष होगा? हसीना के समय जमात-ए-इस्लामी प्रतिबंधित था, और ये वही पार्टी है जिसने बांग्लादेश मुक्ति संग्राम का विरोध किया था। बहरहाल, तारिक रहमान को यह समझना होगा कि भारत के आशीर्वाद के बगैर बांग्लादेश तरक्की और शांति की राह पर आगे नहीं बढ़ सकता। बांग्लादेश का तो जन्म ही भारत की बदौलत हुआ है।
दुनियाभर के घुमक्कड़ पत्रकारों का एक मंच है,आप विश्व की तमाम घटनाओं को कवरेज करने वाले खबरनवीसों के अनुभव को पढ़ सकेंगे
https://www.roamingjournalist.com/