- मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन को राजनाथ ने बताया 'सेवा' का सफर
अशोक झा/ कोलकाता: मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन का उल्लेख करते हुए बुधवार को कहा कि उनकी आर्थिक सोच ने देश की तेज आर्थिक वृद्धि के लिए आधार तैयार किया है। बुधवार शाम कोलकाता में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राजनाथ ने प्रधानमंत्री मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक के सफर का उल्लेख करते हुए कहा कि 17 सितंबर को उनका जन्मदिन है और इसके करीब 20 दिन बाद, 7 अक्टूबर को सरकार के प्रमुख के रूप में उनके 25 वर्ष पूरे होंगे। राजनाथ सिंह ने कहा कि नरेन्द्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में 13 वर्ष और प्रधानमंत्री के तौर पर 12 वर्ष की जिम्मेदारी संभाली है। इस 25 वर्ष की यात्रा को एक शब्द में समेटना हो तो वह 'सेवा' है। उनके मुताबिक, इस अवधि में देश की राजनीति के साथ विकास, सुशासन और वैश्विक स्तर पर भारत की स्थिति में भी बदलाव आया है।
राजनाथ ने प्रधानमंत्री मोदी की आर्थिक नीतियों को 'मोदीनॉमिक्स' बताते हुए कहा कि 2014 से पहले भी भारत के पास पर्याप्त प्रतिभा और मानव संसाधन था, लेकिन उनकी पूरी क्षमता का उपयोग नहीं हो पा रहा था। उनके अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने ऐसा इकोसिस्टम तैयार किया, जिसमें देश की प्रतिभा और मानव संसाधन अपनी क्षमता के अनुरूप योगदान दे सकें। उन्होंने कहा कि भारत अब बेहतर नियमन और सुशासन के साथ आगे बढ़ रहा है। राजनाथ सिंह ने यहां सम्मेलन में कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत की विकास गाथा ऐसे परिवेशी तंत्र से आगे बढ़ी, जिसने देश की ''बौद्धिक क्षमता और मानव संसाधन'' को अपनी पूरी क्षमता का लाभ उठाने में सक्षम बनाया। उन्होंने कहा, ''2014 से पहले भी भारत के पास बौद्धिक क्षमता और मानव संसाधन दोनों थे, लेकिन वे अपनी पूरी क्षमता के अनुरूप काम नहीं कर पा रहे थे। मोदीजी ने ऐसा परिवेशी तंत्र तैयार किया, जहां बौद्धिक क्षमता और मानव संसाधन दोनों अपनी पूरी क्षमता के साथ काम कर सकते हैं।'' सिंह ने कहा कि आज भारत ''बेहतर तरीके से विनियमित और सुशासित'' है। उन्होंने दावा किया कि गरीबों के कल्याण और विकास के लिए निर्धारित सरकारी धन अब बिचौलियों की जेब में नहीं जा रहा है। उन्होंने देश के बढ़ते रक्षा निर्यात पर भी प्रकाश डाला और कहा कि भारत अब 100 से अधिक देशों को रक्षा उपकरणों का निर्यात कर रहा है।सिंह ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की भी प्रशंसा की और कहा कि राज्य में उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना हो रही है तथा देश के अन्य हिस्सों में भी इनकी चर्चा हो रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल विकसित भारत के निर्माण के लक्ष्य में ''उल्लेखनीय योगदान'' देगा। सिंह भाजपा के महीनेभर चलने वाले ''सेवा से संकल्प'' अभियान के सिलसिले में कोलकाता में थे। यह अभियान प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन और सार्वजनिक सेवा के क्षेत्र में उनके 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मोदी की ''सेवा भावना'' के संदर्भ में भी यह अभियान महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि वर्षों के दौरान उनका पद, जिम्मेदारियां और भूमिका भले ही बदल गई हों, लेकिन ''स्वयं से पहले सेवा'' के प्रति उनकी प्रतिबद्धता में कोई बदलाव नहीं आया है। सिंह ने कहा, ''स्वतंत्र भारत के इतिहास में पहली बार इस साल स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले से राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' के सभी छह अंतरे गाये गये। यह पश्चिम बंगाल के प्रति सम्मान का भी प्रतीक है।'' रक्षा मंत्री ने कहा कि मोदी के सार्वजनिक जीवन की 25 साल की यात्रा गुजरात के मुख्यमंत्री बनने के साथ शुरू हुई थी और प्रधानमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल तक जारी है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा ने ''देश की राजनीति को प्रभावित किया'', भारत के विकास को नयी दिशा दी और वैश्विक स्तर पर देश की स्थिति को मजबूत किया।
दुनियाभर के घुमक्कड़ पत्रकारों का एक मंच है,आप विश्व की तमाम घटनाओं को कवरेज करने वाले खबरनवीसों के अनुभव को पढ़ सकेंगे
https://www.roamingjournalist.com/