कहा, जीवन एक बार मिला है और कोई एक असफलता जीवन को समाप्त नहीं कर सकती
- युवा साथियों से कहा कि जीवन में शॉर्टकट से बचना चाहिए
- कहा,उन्हें पूरा भरोसा है कि पश्चिम बंगाल अपने खेल के इतिहास को फिर से दोहराएगा
- 2047 तक ‘विकसित बंगाल’ का लक्ष्य हासिल करने के लिए शुभेंदु अधिकारी सरकार द्वारा शुरू की गई विकास की रफ्तार होगी तेज
अशोक झा/ कोलकाता: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने दौरा के अंतिम दिन कोलकाता में युवा संवाद सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि देशभर में पश्चिम बंगाल एक ऐसा प्रदेश है, जहां कई चीजें एक साथ देखने को मिलती हैं। यहां के लोगों के डीएनए में खेल, कला, साहित्य और संस्कृति है। देश में पश्चिम बंगाल एकमात्र ऐसा राज्य है, जिसके पास ये सभी चीजें सामूहिक रूप से मौजूद हैं। नितिन नवीन ने कहा कि आज भी सोशल मीडिया पर वही रील चलती है, जो वास्तविक होती है। फैब्रिकेटेड रील ज्यादा समय तक लोगों के बीच लोकप्रिय नहीं रहती यानी आज का युवा भी वास्तविक चीजों पर भरोसा करता है, बनावटी चीजों पर नहीं। आज की पीढ़ी मौलिकता के ज्यादा करीब है।
उन्होंने कहा कि आज का युवा बहुत जल्दी चीजों से खुश हो जाता है और बहुत जल्दी निराश भी हो जाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 'परीक्षा पे चर्चा' का एकमात्र मकसद अपने युवा साथियों को उस निराशा से बाहर निकालना है। जीवन एक बार मिला है और कोई एक असफलता जीवन को समाप्त नहीं कर सकती। हर असफलता भविष्य की सफलता की कुंजी होती है।
नितिन नवीन ने युवा साथियों से कहा कि जीवन में शॉर्टकट से बचना चाहिए। जिस भय के वातावरण से पश्चिम बंगाल को निकालकर भरोसे के वातावरण की ओर ले जाने का प्रयास किया जा रहा है, उससे उन्हें पूरा भरोसा है कि पश्चिम बंगाल अपने खेल के इतिहास को फिर से दोहराएगा।
उन्होंने मुख्यमंत्री से यह भी कहा कि खेल के साथ-साथ युवाओं के लिए युवा नीति पर भी काम किया जाना चाहिए। आज के युवाओं को केवल एक प्लेटफॉर्म की जरूरत है, क्योंकि वे केवल नौकरी तलाशने वाले नहीं, बल्कि रोजगार पैदा करने वाले भी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में स्टार्टअप को बढ़ावा दिया है और आज उसी के आधार पर देश में 2.5 लाख से अधिक स्टार्टअप काम कर रहे हैं।खेल और संस्कृति का जिक्र करते हुए भाजपा चीफ ने कहा कि आज के समाज में खेल और संस्कृति से जुड़ी चीजें कहीं न कहीं पीछे चली गई हैं। पहले लोग मुख्य रूप से टीवी देखते थे, लेकिन अब सीधे मोबाइल फोन पर आ गए हैं। पहले बच्चे शाम होते ही मैदान में खेलने के लिए निकल जाते थे। वह समय आज पूरे देश में कहीं खो गया है। बच्चों को जो समय मैदान में बिताना चाहिए, वह आज मोबाइल फोन पर बीत रहा है। यही कारण है कि हमारी वास्तविक ताकत कहीं न कहीं कमजोर हुई है। हमें इस पर भी ध्यान देना बहुत आवश्यक है। उन्होंने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से खेल के साथ-साथ युवा नीति पर भी काम करने का आग्रह किया।
ममता शासन में करीब 6,700 कंपनियां हो गई बंद: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में तृणमूल के 15 वर्ष के शासन के दौरान पूंजी बाहर गई और करीब 6,700 कंपनियां बंद हो गईं। उन्होंने कहा कि राज्य में निवेश के लिए अच्छा माहौल बनाना भाजपा सरकार की प्राथमिकता होगी। कोलकाता में ‘युवा संवाद कॉन्क्लेव’ को संबोधित करते हुए नवीन ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार राज्य के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने पर ध्यान देगी। भाजपा प्रमुख ने कहा कि चार मई को पश्चिम बंगाल में एक नई सुबह आई। भाजपा ने विधानसभा चुनावों में तृणमूल को हराया। उन्होंने कहा कि युवाओं की उम्मीदें पूरी की जाएंगी। नवीन ने युवाओं से जीवन में शॉर्टकट से दूर रहने का आग्रह किया और लगन और निरंतरता के महत्व पर जोर दिया। बंगाल सरकार की तारीफ की:पानीहाटी में नितिन नवीन ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि वे राज्य में कल्याणकारी योजनाओं को तेजी और भरोसे के साथ लागू कर रहे हैं। ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा नेता ने कहा कि 2047 तक ‘विकसित बंगाल’ का लक्ष्य हासिल करने के लिए शुभेंदु अधिकारी सरकार द्वारा शुरू की गई विकास की रफ्तार को बनाए रखना होगा। नबीन ने आशा कार्यकर्ताओं की भी तारीफ की और कहा कि भारत का भविष्य उनके हाथों में सुरक्षित है, क्योंकि वे नवजात शिशुओं और छोटे बच्चों की देखभाल करती हैं। उन्होंने कहा कि हमने अपने हालिया बजट में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायकों और आशा कार्यकर्ताओं की मासिक वेतन में 5,000 रुपये की बढ़ोतरी की है। हम अपने अगले बजट में आवंटन को और बढ़ाने की योजना बना रहे हैं। आपको हमारे प्रधानमंत्री और इस सरकार पर भरोसा रखना होगा।
दुनियाभर के घुमक्कड़ पत्रकारों का एक मंच है,आप विश्व की तमाम घटनाओं को कवरेज करने वाले खबरनवीसों के अनुभव को पढ़ सकेंगे
https://www.roamingjournalist.com/