अशोक झा/ कोलकाता: बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के रिश्तेदार की बेटी ब्रिस्टी मुखर्जी की मंगलवार को मौत हो गई। बता दें, उनका शव बीरभूम जिले के रामपुरहाट थाना क्षेत्र के कुसुम्बा गांव स्थित उनके घर में मिला है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, परिवार ने सुबह करीब 9 बजे घटना की जानकारी पुलिस को दी थी। वहीं सूचना मिलते ही रामपुरहाट पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए रामपुरहाट सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया गया है। घटना की खबर मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मौत की वजह को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई निष्कर्ष सामने नहीं आया है। पुलिस परिवार के सदस्यों से पूछताछ करने के साथ ही घटना से जुड़े दूसरे पहलुओं की भी जांच कर रही है।
शिक्षक भर्ती मामले से जुड़ा था नाम: 28 वर्षीय ब्रिस्टी मुखर्जी का नाम पश्चिम बंगाल के चर्चित शिक्षक भर्ती मामले में सामने आया था। जानकारी के मुताबिक, उन्हें मार्च 2023 में बोलपुर के एक उच्च प्राथमिक विद्यालय में गैर-शिक्षण कर्मचारी की नौकरी मिली थी। बाद में राज्य में हजारों शिक्षण और गैर-शिक्षण कर्मचारियों की नियुक्तियों को लेकर जांच हुई और कई नियुक्तियां रद्द कर दी गईं।
आरोप था कि कुछ लोगों ने कथित अनियमितताओं और पैसों के लेन-देन के जरिए सरकारी नौकरियां हासिल की थीं। इस मामले में कलकत्ता हाईकोर्ट के फैसले के बाद कई नियुक्तियां रद्द हुईं और बाद में सुप्रीम कोर्ट ने भी इस फैसले को बरकरार रखा। नौकरी जाने के बाद तनाव की बात: रिपोर्ट के अनुसार, अदालत के फैसले के बाद ब्रिस्टी तनाव में थी। नौकरी गंवाने वाले उम्मीदवारों की सूची में उनका नाम 608वें नंबर पर बताया गया था। हालांकि, परिवार की ओर से अलग दावा किया गया है। परिवार का कहना है कि ब्रिस्टी ने स्वास्थ्य संबंधी कारणों से नौकरी ज्वाइन करने के बाद ही पद छोड़ दिया था। वहीं ब्रिस्टी के पिता निहार मुखर्जी तृणमूल कांग्रेस से जुड़े स्थानीय नेता बताए जाते हैं और उनका संबंध ममता बनर्जी के परिवार से है।पश्चिम बंगाल का शिक्षक भर्ती मामला लंबे समय से राज्य की राजनीति में बड़ा मुद्दा रहा है। 2016 में हुई भर्ती प्रक्रिया में कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं की जांच के दौरान तत्कालीन शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी समेत कई लोगों को गिरफ्तार किया गया था। मामले में आयोग और शिक्षा विभाग से जुड़े अधिकारियों पर भी कार्रवाई हुई है। फिलहाल ब्रिस्टी की मौत के मामले में पुलिस की जांच जारी है और मौत की सही वजह पोस्टमार्टम तथा जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
दुनियाभर के घुमक्कड़ पत्रकारों का एक मंच है,आप विश्व की तमाम घटनाओं को कवरेज करने वाले खबरनवीसों के अनुभव को पढ़ सकेंगे
https://www.roamingjournalist.com/