- पकड़े गए सोने की कीमत 6 करोड़ रुपए से अधिक,हवाला का अंदेशा
-आरोपितों के पास से बरामद एक दो के रुपए ने बढ़ाई पुलिस की आशंका
अशोक झा/ कोलकाता: कोलकाता में पुलिस के हाथ एक ऐसी खेप लगी है, जिसने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां पुलिस ने चेकिंग के बीच दो लोगों को पकड़ा, उनके पास करीब 4 किलो सोना निकल आया। यह सोना 20 बिस्कुट के रूप में थे।इसका अनुमानित मूल्य करीब 6 करोड़ रुपए है। सवाल है कि ये सोना कहां से आया। क्या यह सोना किसी बड़े हवाला नेटवर्क का हिस्सा था? पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को लेक टाउन के बी-ब्लॉक पार्क के समीप विशेष गश्ती दल की नजर रेनकोट और हेलमेट पहने दो युवकों पर पड़ी, जो संदिग्ध परिस्थितियों में इलाके में घूम रहे थे। संदेह के आधार पर दोनों को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उनके पास से बड़ी मात्रा में सोने के बिस्कुट बरामद हुए। इसके साथ ही आरोपियों के पास से दो रुपये के चार नोट भी मिले, जिसने जांच को और अधिक रहस्यमय बना दिया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि यह सोना अवैध तरीके से तस्करी कर लाया गया था और इसे हवाला नेटवर्क के माध्यम से किसी व्यक्ति या गिरोह तक पहुंचाया जाना था। अब पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुट गई है। इसके लिए आरोपियों के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल, बैंकिंग और आर्थिक लेनदेन सहित उनके सभी संपर्कों की गहन पड़ताल की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों में से एक अन्य राज्य का निवासी है। जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि दोनों पहले भी सोने की तस्करी में शामिल रह चुके हैं और इससे पूर्व दो से ढाई किलोग्राम सोने की खेप पहुंचाने का काम कर चुके हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि बरामद सोना कहां से लाया गया, इसका अंतिम खरीदार कौन था और इस अवैध कारोबार के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस आरोपियों के मोबाइल फोन, कॉल रिकॉर्ड और उनके संपर्कों की जांच करने में लगी है। साथ ही उनके आर्थिक लेनदेन की भी पड़ताल हो रही है, ताकि यह पता चल सके कि इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है.
पुलिस का एक और फोकस इस बात पर है कि क्या गिरफ्तार दोनों आरोपी पहली बार इस तरह की खेप लेकर जा रहे थे या इससे पहले भी ऐसी डिलीवरी कर चुके हैं।अगर पुराने लिंक मिलते हैं, तो मामला सिर्फ दो आरोपियों तक सीमित नहीं रहेगा और किसी बड़े तस्करी या हवाला सिंडिकेट का खुलासा भी हो सकता है।फिलहाल बरामद सोने की शुद्धता, उसकी वास्तविक कीमत और सोर्स की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि यह जांच अभी शुरुआती दौर में है और पूछताछ के आधार पर आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।
दुनियाभर के घुमक्कड़ पत्रकारों का एक मंच है,आप विश्व की तमाम घटनाओं को कवरेज करने वाले खबरनवीसों के अनुभव को पढ़ सकेंगे
https://www.roamingjournalist.com/