अशोक झा/ कोलकाता : ममता बनर्जी के भतीजे और टीएमसी के कद्दावर नेता अभिषेक बनर्जी के कालीघाट स्थित घर पर आज सुबह-सुबह पुलिस पहुंची। काफी देर तक आवाज लगाने के बाद उन्होंने ताला तोड़ा और घर के अंदर दाखिल हुए। पूरे घर की तलाशी ली गई। इस समय पटुआपाड़ा स्थित घर के बाहर केंद्रीय बलों के जवान पहरा दे रहे थे। खबर मिलते ही ममता बनर्जी भी मौके पर पहुंचीं। सुबह करीब 8 बजे के बाद पुलिस घर से निकली और ममता भी वहां से चली गईं। घर से बाहर निकलने पर अभिषेक ने मीडिया से कहा, "उन्होंने ताला तोड़ा, अंदर आए और पूरे घर की तलाशी ली। हर चीज का रिकॉर्ड मौजूद है।"
सूत्रों के अनुसार, सालबोनी थाने की पुलिस अभिषेक के घर पहुंची थी। महिला अधिकारी भी साथ थीं। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि किस मामले के कारण यह कार्रवाई की गई। स्थानीय सूत्रों ने बताया कि शनिवार को तड़के 3 बजे के बाद पुलिस अभिषेक के घर के सामने पहुंची। शुरुआत से ही उनके साथ केंद्रीय बलों के जवान भी थे। अधिकारियों ने घर में घुसने की कोशिश की और घर में मौजूद लोगों को आवाज दी। काफी देर तक इंतजार करने के बाद उन्होंने ताला तोड़ने का फैसला किया। पुलिस लगभग पांच घंटे तक घर के परिसर में रही, जबकि बाहर केंद्रीय बलों के बड़ी संख्या में जवान तैनात थे। सुबह 7 बजे के बाद कुछ पुलिस अधिकारी घर से बाहर निकले। थोड़ी देर आपस में बातचीत की और फिर वापस अंदर चले गए। आखिरकार सुबह 8 बजे के बाद वे वहां से चले गए।
दुनियाभर के घुमक्कड़ पत्रकारों का एक मंच है,आप विश्व की तमाम घटनाओं को कवरेज करने वाले खबरनवीसों के अनुभव को पढ़ सकेंगे
https://www.roamingjournalist.com/