- कौन हैं UP के 'सिंघम' अजय शर्मा, जिनकी एंट्री से गरमाई बंगाल की सियासत, TMC उम्मीदवार को चेताया- 'अगर बदमाशी की तो.'
बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान से पहले सियासी पारा सातवें आसमान पर है। इसी बीच, यूपी कैडर के चर्चित 'एनकाउंटर स्पेशलिस्ट' और वर्तमान में चुनाव ड्यूटी पर पुलिस ऑब्जर्वर तैनात IPS अजय पाल शर्मा का एक सख्त अंदाज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। उन्होंने फाल्टा विधानसभा क्षेत्र से टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान के घर जाकर उनके परिजनों को सख्त चेतावनी दी है।
वोटर्स को धमकाने की शिकायत पर 'दबिश':
जानकारी के मुताबिक, फाल्टा इलाके के निवासियों ने पुलिस ऑब्जर्वर से शिकायत की थी कि टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान के लोग मतदाताओं को डरा-धमका रहे हैं। शिकायत मिलते ही अजय पाल शर्मा एक्शन में आ गए। हैरान करने वाली बात यह रही कि स्थानीय लोगों और यहां तक कि स्थानीय पुलिस ने भी पहले विधायक के घर का पता बताने में आनाकानी की. काफी मशक्कत के बाद जब टीम घर पहुंची, तो वहां जहांगीर खान मौजूद नहीं थे।
'जहांगीर को समझा देना…'
जहांगीर खान के घर पर मौजूद उनके रिश्तेदारों को अजय पाल शर्मा ने सरेआम चेतावनी दी। उन्होंने दो टूक कहा, 'उसे (जहांगीर) समझा देना कि अगर लोगों को धमकाने की शिकायतें दोबारा आईं, तो हम उससे 'सही तरीके' से निपटेंगे. अगर किसी ने भी बदमाशी की या मतदाताओं को परेशान किया, तो अंजाम बुरा होगा।
शर्मा ने आगे कहा कि उनके पास बार-बार शिकायतें आ रही हैं और अगर यह सिलसिला नहीं रुका, तो चुनाव आयोग बहुत सख्त कार्रवाई करेगा।
सुरक्षा घेरे पर भी उठाए सवाल:
IPS अधिकारी ने जब उम्मीदवार के घर की सुरक्षा का जायजा लिया, तो वे हैरान रह गए। जहांगीर खान को नियम के मुताबिक Y-कैटेगरी की सुरक्षा मिली है, जिसमें 10 पुलिसकर्मी होने चाहिए। लेकिन मौके पर 14 पश्चिम बंगाल पुलिस के जवान तैनात थे। अजय पाल शर्मा ने इस 'एक्स्ट्रा' सुरक्षा को लेकर स्थानीय एसपी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
सियासी घमासान तेज: इस घटना के बाद बंगाल में राजनीति गरमा गई है. बीजेपी के आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने इस वीडियो को साझा करते हुए कहा कि डराने-धमकाने का दौर अब खत्म हो गया है और कानून अपना काम करेगा।वहीं, तृणमूल कांग्रेस ने अजय पाल शर्मा की नियुक्ति पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं। टीएमसी ने एक के बाद एक कई आरोप आईपीएस शर्मा पर लगाए हैं। साथ ही उन्हें यूपी के बदनाम 'सिंघम' और योगी आदित्यनाथ के पसंदीदा 'एनकाउंटर स्पेशलिस्ट' बताया है। ( बंगाल से अशोक झा की रिपोर्ट )
दुनियाभर के घुमक्कड़ पत्रकारों का एक मंच है,आप विश्व की तमाम घटनाओं को कवरेज करने वाले खबरनवीसों के अनुभव को पढ़ सकेंगे
https://www.roamingjournalist.com/