- 31 मार्च को मनाई जाएगी जयंती, निकाली जाएगी शोभायात्रा
सिलीगुड़ी: भगवान महावीर जन्म कल्याणक समारोह समिति के अध्यक्ष पद के लिए *श्री बजरंग सेठिया* को सर्वसम्मति से निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में समिति के पदाधिकारीगण, सदस्यगण तथा समग्र जैन समाज के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। समिति के सदस्यों एवं जैन समाज के प्रतिनिधियों ने श्री बजरंग सेठिया को अध्यक्ष चुने जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। अपने उद्बोधन में श्री बजरंग सेठिया ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वे पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे तथा भगवान महावीर के अहिंसा, सत्य, करुणा और मानवता के संदेश को समाज में अधिक से अधिक प्रसारित करने का प्रयास करेंगे।समिति द्वारा जानकारी दी गई कि भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव का मुख्य आयोजन 31 मार्च 2026 को श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ किया जाएगा,।जिसमें जैन समाज के साथ-साथ आमजन की भी सहभागिता रहेगी। इस अवसर पर विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।इसके साथ ही समिति की कार्यकारिणी में महामंत्री के रूप में श्री गौतम कुमार जैन तथा कोषाध्यक्ष के रूप में श्री सुशील मिन्नी का चयन किया गया है। समिति ने आशा व्यक्त की है कि समस्त समाज के सहयोग से भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव को भव्य एवं प्रेरणादायी रूप में संपन्न किया जाएगा। महावीर जयंती के दिन जैन मंदिरों में विशेष पूजा होती है। भगवान महावीर की प्रतिमा का अभिषेक किया जाता है और भजन-कीर्तन होते हैं। शहरों में शोभायात्राएँ निकाली जाती हैं जिनमें भगवान महावीर के संदेशों को झांकियों के माध्यम से दिखाया जाता है।इस दिन गरीबों को भोजन, वस्त्र और दवाइयाँ बाटीं जाती हैं। कई जगह लोगों सहायता के लिए रक्तदान और निःशुल्क चिकित्सा शिविर भी लगाए जाते हैं।
आज की युवा पीढ़ी तेजी से बदलती दुनिया में कई तरह के तनाव से गुजर रही है। ऐसे समय में महावीर जयंती युवाओं को आत्मसंयम, धैर्य और सच्चाई का मार्ग दिखाती है। भगवान महावीर की शिक्षाएँ हमें सिखाती हैं कि:अपने गुस्से पर नियंत्रण रखें, हमेशा लालच से दूर रहें, दूसरों के प्रति दया रखें। महावीर जयंती और पर्यावरण : भगवान महावीर का अहिंसा सिद्धांत केवल मनुष्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रकृति और पर्यावरण पर भी लागू होता है। पेड़-पौधों, जल और जीवों की रक्षा करना भी अहिंसा का ही रूप है।इसलिए महावीर जयंती हमें पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश देती है। ( बंगाल से अशोक झा की रिपोर्ट )
दुनियाभर के घुमक्कड़ पत्रकारों का एक मंच है,आप विश्व की तमाम घटनाओं को कवरेज करने वाले खबरनवीसों के अनुभव को पढ़ सकेंगे
https://www.roamingjournalist.com/