बंगाल में चुनाव घोषणा के बीच सोमवार सुबह, ED अधिकारियों की एक बड़ी टीम ने सिलीगुड़ी नगर निगम के हाकीमपारा (वार्ड नंबर 15) स्थित दूधमोड में रहने वाले सोने के व्यापारी स्वपन घोष के घर पर छापा मारा। हालाँकि, इस कार्रवाई के पीछे का खास कारण अभी पता नहीं चल पाया है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक साथ कई जगहों पर छापे मारे, और ये छापे राज्य के अलग-अलग हिस्सों में एक ही समय पर चल रहे थे।अधिकारियों के अनुसार, एजेंसी की टीमों ने राज्य में करीब 15 स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम के तहत दर्ज मामले से संबंधित है। सूत्रों के मुताबिक, यह छापेमारी सोमवार की सुबह शुरू हुई और पश्चिम बंगाल के कई प्रमुख शहरों में की जा रही है। जिन स्थानों पर कार्रवाई चल रही है, उनमें सिलीगुड़ी, हावड़ा, विधाननगर और दुर्गापुर जैसे शहर शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई अवैध कॉल सेंटर नेटवर्क से जुड़ी कथित वित्तीय अनियमितताओं और धोखाधड़ी से संबंधित गतिविधियों की जांच का हिस्सा है। जांच एजेंसी को इस नेटवर्क के संचालन और उससे जुड़े वित्तीय लेन-देन के बारे में कुछ अहम सूचनाएं मिली थीं. इन्हीं सूचनाओं के आधार पर ईडी ने एक साथ कई स्थानों पर तलाशी लेने का निर्णय लिया।
अधिकारियों का मानना है कि इन कॉल सेंटरों के जरिए बड़े पैमाने पर लोगों को ठगी का शिकार बनाया गया और अवैध तरीके से प्राप्त धन को विभिन्न माध्यमों से इधर-उधर किया गया। अधिकारियों ने बताया कि जिन लोगों के ठिकानों पर छापे मारे जा रहे हैं, उनमें सुराश्री कर, सम्राट घोष और सुभाजीत चक्रवर्ती समेत कई अन्य लोग शामिल हैं. हालांकि एजेंसी ने आधिकारिक तौर पर अभी किसी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है. जांच के दौरान एजेंसी की टीमें दस्तावेजों, कंप्यूटर, मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल उपकरणों की जांच कर रही हैं। माना जा रहा है कि इन सामग्रियों से कॉल सेंटर के संचालन, वित्तीय लेन-देन और संभावित अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है। ईडी के अधिकारियों के मुताबिक, तलाशी अभियान का उद्देश्य अवैध गतिविधियों से जुड़े सबूत जुटाना और धन के स्रोत तथा उसके प्रवाह का पता लगाना है. फिलहाल कई स्थानों पर जांच जारी है और आने वाले समय में इस मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। ईडी के अधिकारी कुछ भी नहीं बता रहे हैं। सूत्रों के अनुसार कार्रवाई में अवैध कॉल सेंटर नेटवर्क में कई लोगों के नाम सामने आ सकते हैं। ( बंगाल से अशोक झा की रिपोर्ट )
दुनियाभर के घुमक्कड़ पत्रकारों का एक मंच है,आप विश्व की तमाम घटनाओं को कवरेज करने वाले खबरनवीसों के अनुभव को पढ़ सकेंगे
https://www.roamingjournalist.com/