पश्चिम बंगाल में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मंगलवार कई जगहों पर अवैध कोयला खनन और ट्रांसपोर्ट से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच में बड़ी छापेमारी की है। प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत करीब 10 से 12 जगहों पर तलाशी ली गई, जिसमें राज्य पुलिस अधिकारी मनोरंजन मंडल से जुड़ी संपत्तियां भी शामिल हैं। कोयला तस्करी मामले की जांच के अंतर्गत सिटी सेंटर के अंबुजा स्थित 16 नंबर स्ट्रीट निवासी थाना प्रभारी मनोरंजन मंडल के आवास पर ईडी का छापा पड़ा । इसके अलावा जामुड़िया में कोयला कारोबारी तथा हार्डवेयर व्यापारी विकास गोराई, पाण्डेश्वर निवासी शेख मयजुल, कॉकसा के हसन शेख पानागढ़ में बालू माफिया उत्तम केश और प्रवीर दत्त के आवास पर छापेमारी की गई।
सूत्रों की माने तो प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारी उक्त सभी के घरों में छापेमारी अभियान चला रहे हैं। इस दौरान कारोबारियों और पुलिस अधिकारियों से इडी अधिकारियों की पूछताछ जारी है। ईडी अधिकारी सभी के अलग-अलग डॉक्यूमेंट्स की जांच कर रहे हैं। ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए घर के बाहर सेंट्रल फोर्स तैनात की गई है. छापेमारी अभियान की गोपनीयता बनाए रखने को लेकर इडी की ओर से स्थानीय प्रशासन को भी जानकारी नहीं दी गई थी। बता दें कि जल्द ही पश्चिम बंगाल में इलेक्शन होने हैं, पश्चिम बंगाल सीएम ममता बनर्जी की मुश्किलें लगातार बढ़ रही है।
यह कार्रवाई एक अलग जांच का हिस्सा है और उस कथित कोयला घोटाले मामले से जुड़ी नहीं है, जिसमें ED ने पिछले महीने पॉलिटिकल कंसल्टेंसी फर्म I-PAC के कोलकाता ऑफिस पर छापा मारा था। अधिकारियों ने बताया कि इस ऑपरेशन के दौरान किरण खान, शेख अख्तर, प्रबीर दत्ता और मिर्जा एच बेग सहित कई लोगों से जुड़ी जगहों पर भी तलाशी ली गई।
केंद्रीय सुरक्षा बलों के साथ मिलकर 25-30 अधिकारियों की टीम तलाशी ले रही है। दुर्गापुर और पांडवेश्वर इलाकों में भी तलाशी जारी है। अधिकारियों ने दुर्गापुर में एक रेत माफिया (व कोयले से जुड़ा हुआ भी है) के घर पर छापा मारा, जो लंबे समय से इस धंधे में शामिल था। वह पहले पानागढ़ में रहता था और दो साल पहले दुर्गापुर में आलीशान घर बनवाया। हाल ही में वह दुबई भी गया था।
तीन सदस्यीय टीम और केंद्रीय बलों ने सुबह तलाशी अभियान चलाया। शुरू में उन्हें घर में घुसने नहीं दिया गया, लेकिन बाद में केंद्रीय बलों की मदद से ईडी के अधिकारियों ने घर में प्रवेश किया। सूत्रों के मुताबिक, ईडी की टीम रेत खनन से जुड़ी उसके रिश्तों और नेटवर्क की जांच कर रही है। छापेमारी में कोई आधिकारिक बरामदगी की जानकारी अभी तक नहीं मिली है।
ईडी की इस कार्रवाई को कोयला तस्करी और मनी लॉन्ड्रिंग के खिलाफ बड़ा एक्शन माना जा रहा है। तलाशी के दौरान कई महत्वपूर्ण डॉक्यूमेंट्स और डिजिटल सबूत मिलने की संभावना जताई जा रही है। ( बंगाल से अशोक झा की रिपोर्ट )
#ईडी #कोयला #बंगाल
दुनियाभर के घुमक्कड़ पत्रकारों का एक मंच है,आप विश्व की तमाम घटनाओं को कवरेज करने वाले खबरनवीसों के अनुभव को पढ़ सकेंगे
https://www.roamingjournalist.com/