पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI की एक बड़ी साजिश का भंडाफोड़ हुआ है. बांग्लादेश के आतंकी समूहों के साथ मिलकर ISI भारत में एक बड़े आतंकी हमले की योजना बना रही थी।बड़े आतंकी षड्यंत्र के भंडाफोड़ के बाद जांच एजेंसियों के सामने चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। सूत्रों के अनुसार, जिन आठ संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है, उनके बांग्लादेश-स्थित हैंडलर का सीधा संपर्क लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के शीर्ष नेतृत्व से था, जिसमें 26/11 मुंबई हमलों का मास्टरमाइंड हाफ़िज़ सईद और वरिष्ठ कमांडर ज़की-उर-रहमान-लखवी शामिल हैं। बंगाल में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। रविवार अपराह्न बंगाल भाजपा ने सोशल मीडिया पर एक तीखा बयान जारी करते हुए दावा किया कि दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने राज्य के मालदह जिले से दो संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है।भाजपा के अनुसार, आरोपित फर्जी आधार कार्ड बनाकर मालदह में ठिकाना बनाकर रह रहे थे। भाजपा ने सवाल उठाया कि इतने गंभीर मामले की जानकारी राज्य पुलिस को क्यों नहीं मिली। पार्टी का आरोप है कि या तो पुलिस पूरी तरह नाकाम रही, या फिर सब कुछ जानते हुए भी राजनीतिक दबाव में चुप रही। भाजपा ने इस घटना को राज्य सरकार की "गंभीर प्रशासनिक और सुरक्षा विफलता" बताया। पोस्ट में यह भी कहा गया कि एक ओर बांग्लादेश में कट्टरपंथी संगठनों के उभार की खबरें हैं, वहीं दूसरी ओर पश्चिम बंगाल में कथित तौर पर बांग्लादेशी आतंकियों के ठिकाने बन रहे हैं। भाजपा ने चेतावनी दी कि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो आम लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है। भाजपा ने एसआईआर की आवश्यकता पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर आरोप लगाया कि वह इस मुद्दे पर कथित रूप से भ्रामक बयान दे रही हैं। पार्टी का कहना है कि यह मामला केवल बंगाल नहीं, बल्कि देश की आंतरिक सुरक्षा से जुड़ा है। हालांकि, इन आरोपों पर तृणमूल कांग्रेस या राज्य सरकार की ओर से खबर लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।सूत्रों ने बताया कि इस मॉड्यूल का कथित हैंडलर शब्बीर अहमद लोन नाम का कश्मीरी आतंकी है, जो वर्तमान में बांग्लादेश में सक्रिय है। जांच एजेंसियों का मानना है कि लोन 2007 से ही लश्कर के शीर्ष नेतृत्व के संपर्क में रहा है और हाल ही में पकड़े गए मॉड्यूल के समन्वय में उसकी अहम भूमिका रही।
सूत्रों के मुताबिक, 2007 में जब दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने शब्बीर अहमद लोन को गिरफ्तार किया था, तब उसके पास से ऐसे साक्ष्य मिले थे, जो हाफ़िज़ सईद और ज़की-उर-रहमान-लखवी के साथ नियमित संपर्क की ओर इशारा करते थे। हालांकि वह बाद में बांग्लादेश में सक्रिय हो गया और कथित तौर पर वहीं से नेटवर्क संचालित कर रहा था।
जांच में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई की भूमिका की भी आशंका जताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, आईएसआई भारत में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों को आतंकी गतिविधियों के लिए भर्ती करने की कोशिश कर रही है। हालिया गिरफ्तारियों के बाद दिल्ली पुलिस को संदेह है कि भर्ती और ऑपरेशनल प्लानिंग के लिए वित्तीय मदद भी आईएसआई की ओर से उपलब्ध कराई जा रही थी।
दिल्ली पुलिस ने आज आठ संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया। इनमें से छह मिजानुर रहमान, मोहम्मद शबत, उमर, मोहम्मद लितान, मोहम्मद शाहिद और मोहम्मद उज्जल को तमिलनाडु के तिरुप्पुर जिले की गारमेंट इकाइयों से पकड़ा गया, जबकि दो अन्य आरोपियों को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई तब शुरू की गई जब केंद्रीय खुफिया एजेंसियों से इनपुट मिला कि एक मॉड्यूल देश के विभिन्न हिस्सों में विध्वंसक गतिविधियों की योजना बना रहा है।
शनिवार (21 फरवरी) को सुरक्षा एजेंसियों ने लाल किले के आसपास संभावित विस्फोट को लेकर अलर्ट जारी किया था। खुफिया जानकारी में संकेत मिले थे कि लश्कर-ए-तैयबा ने भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों को अपने निशाने पर रखा है और IED हमले की साजिश रची जा सकती है। सूत्रों का कहना है कि यह कथित साजिश 6 फरवरी को इस्लामाबाद की एक मस्जिद में हुए विस्फोट का बदला लेने की मंशा से भी जुड़ी हो सकती है।गौरतलब है कि पिछले वर्ष नवंबर में लाल किले के पास एक कार विस्फोट में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई थी और 20 से अधिक घायल हुए थे। विस्फोटक से भरी कार रेड फोर्ट मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास फटी थी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी।छापेमारी के दौरान पुलिस ने दर्जनों मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किए हैं। इनकी फॉरेंसिक जांच कर नेटवर्क की पूरी कड़ी और संभावित विदेशी लिंक का पता लगाया जा रहा है। केंद्रीय एजेंसियां भी दिल्ली पुलिस की जांच में सहयोग कर रही हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां मॉड्यूल के अन्य संभावित सदस्यों तथा विदेशी कनेक्शन की गहराई से पड़ताल कर रही हैं। ( बंगाल से अशोक झा की रिपोर्ट )
#बंगाल #दिल्ली #आतंकी #ISI
दुनियाभर के घुमक्कड़ पत्रकारों का एक मंच है,आप विश्व की तमाम घटनाओं को कवरेज करने वाले खबरनवीसों के अनुभव को पढ़ सकेंगे
https://www.roamingjournalist.com/