पंडित छन्नू लाल मिश्र। बात से। संवाद से। गायन से। रहन सहन से। सबसे जुदा । इस धरती पर कोई बिरले जन्म लेगा ।पंडित जी इक्यानबे की उम्र में भी बाल सुलभ थे। अहंकार से दूर। विशिष्टता से परहेज रखने वाले। उन्हें लोग विशिष्ट समझें पर वह स्वयं को सामान्य ही मानते।
यही कारण कि। छोटी गैबी के घर , आठ बाई दस के कमरे में एक ओर पद्म अलंकारों से भरी दीवारें तो लता मंगेश्कर, अमिताभ बच्चन के साथ वाली तस्वीर, 2014 में मोदी जी के सांसद प्रस्तावक रुप में कचहरी के अंदर वाली तस्वीर सहेज कर , फिर एक तखत्, अपने गुरु की तस्वीर इसी पर सजाए रखते और स्वयं जमीन पर सोते।
सहज सरल सुंदर। यही तो भोले नाथ का मूल स्वरुप। भोलेनाथ के असली गण काशी के ये महानतम कलाकार पंडित छन्नू लाल मिश्र। निर्विकार भाव ही उनमें देवत्व का बोध कराता।
पंडित जी उन्नीस में आदरणीय मोदी जी के शपथ ग्रहण में गए थे। पैरों में उतनी क्षमता नहीं रह गयी थी। समापन पश्चात आहिस्ता आगे बढते जा रहे थे। राष्ट्रपति भवन का परिसर मेहमानों से लगभग खाली हो गया था। मंच पर कुछ देशों के राष्ट्राध्यक्षों के साथ मोदी जी खडे थे। उन्होंने पंडित जी को देख लिया, फिर हाथ जोड प्रणाम किया, इधर पंडित जी ने दोनों हाथ उठाया,
अऊर मजें में हउअ न
हमें हंसी छूटी
संयम बरतते उनसे कहा
वह दूसरी बार देश के प्रधानमंत्री का शपथ लेकर सामने हैं तो..
नाहिं देखऽ हमार फर्ज हौ उनकर हाल चाल लेना
शपथ के अगले रोज दिल्ली में रुकना हुआ। पंडित चंद्रमौलि उपाध्याय। डॉ रामसुधार सिंह, डॉ श्रद्धानंद साथ में। सामने के कमरे कई मशहूर लोग चंद्रमौलि जी से मिलने आने लगे। पंडित जी
ईर्ष्या भाव में बोले
कुल मिला उधरै जात हउअन। एहरो कोई फटकी ?
चंद्रमौलि जी को संकेत किया, उन्हें समझते देर न लगी, कुछ यजमानों को पंडित जी के कमरे में लाया, उन्होंने कुछ नकदी भेंट किया, बिना किसी संकोच के तुरंत हिसाब लगा लिया, मुस्कारहट आयी
बोले
देखऽ अबहिं इ काम ठीक भयल हौ
हम सब उनके सरल स्वभाव को सोच हंसते हंसते लोटपोट हो गए।
हरदम इत्र की शीशी साथ रखते। सामने वाले हर शख्स की हथेली उल्टा करा , शीशी से उडेल देते।
शिव आनंद और कल्याण के देवता तो उनके साक्षात गण पंडित जी। आनंद बॉटते थे। सबके कल्याण की कामना के साथ जीते थे।
उनकी चैती के बोल
आज काहें बोले
आधी रतिया
कोयलिया
कोयल
तोरी बोलिया ( वाराणसी के बीजेपी एमएलसी धर्मेंद्र सिंह की कलम से )
दुनियाभर के घुमक्कड़ पत्रकारों का एक मंच है,आप विश्व की तमाम घटनाओं को कवरेज करने वाले खबरनवीसों के अनुभव को पढ़ सकेंगे
https://www.roamingjournalist.com/