- शर्मिष्ठा कोलकाता की एक टूरिज्म एजेंसी द्वारा आयोजित 32 लोगों के समूह के साथ अकेले गई थी नेपाल
- मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि नेपाल में अचानक आई विनाशकारी बाढ़ के बाद राज्य के 32 लोग लापता हैं
अशोक झा/ कोलकाता: नेपाल में आई भयानक बाढ़ के बाद लापता हुए पर्यटकों में पूर्व रेल मंत्री मुकुल रॉय की बहू और बिजापुर के पूर्व विधायक सुभ्रांशु रॉय की पत्नी शर्मिष्ठा भौमिक रॉय भी शामिल हैं। शर्मिष्ठा कोलकाता की एक टूरिज्म एजेंसी द्वारा आयोजित 32 लोगों के समूह के साथ अकेले नेपाल गई थीं। यह समूह 21 अगस्त को नेपाल के लिए निकला था और कैलास-मानसरोवर की ओर जा रहा था। सुभ्रांशु राय ने बताया कि आपदा के बाद से उनकी पत्नी लापता लोगों की सूची में हैं और परिवार उनसे संपर्क नहीं कर पा रहा है।
उन्होंने कहा, " मेरी पत्नी का नाम लापता लोगों की लिस्ट में है। हमारे बच्चे उनके साथ नहीं गए थे और मेरे साथ हैं। मैं प्रशासन के संपर्क में हूं। " परिवार के दोस्त बिस्वजीत मित्रा ने बताया कि शर्मिष्ठा को सात सितंबर को लौटना था। उन्होंने कहा, " उन्होंने आखिरी बार मंगलवार रात परिवार से बात की थी। उस समय वह नेपाल के एक दूर-दराज के गांव में थीं। हालांकि, बुधवार से उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है।" नेपाल में लापता हुए पश्चिम बंगाल के ज्यादातर पर्यटक कैलास-मानसरोवर की यात्रा पर जा रहे थे। बाढ़ में बंगाल के 32 लोग लापता, एक से संपर्क हुआ
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि नेपाल में अचानक आई विनाशकारी बाढ़ के बाद राज्य के 32 लोग लापता हैं और इनमें से एक व्यक्ति से संपर्क स्थापित हो गया है। शुभेंदु अधिकारी ने उम्मीद जताई कि सभी 32 लोग सकुशल घर लौटेंगे। उन्होंने यहां कोलकाता पुलिस मुख्यालय में जीवन रक्षा पदक प्रदान करने के लिए आयोजित अलंकरण समारोह को संबोधित करते हुए कहा, ''इस आपदा के बाद लापता हुए पश्चिम बंगाल के 33 लोगों में से एक व्यक्ति से संपर्क स्थापित हो गया है।''
मुख्यमंत्री ने कहा, ''हम इस बात को लेकर बहुत चिंतित हैं कि भारत के करीब 150 लोग लापता हैं।'' उन्होंने आपदा में बड़ी संख्या में लोगों की मौत होने और कई अन्य के अब भी लापता होने पर दुख जताते हुए कहा कि राज्य सरकार भारतीय दूतावास के संपर्क में है। शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि राज्य सचिवालय नबान्न में पहले ही एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जा चुका है और विभिन्न कारणों से नेपाल गए लोगों के परिजनों के लिए पश्चिम बंगाल पुलिस तथा कोलकाता पुलिस ने एक हेल्पलाइन भी शुरू की है। तिब्बत में अचानक आई भीषण बाढ़ ने बुधवार को मध्य नेपाल में भारी तबाही मचाई। बाढ़ में अब तक 359 लोगों की मौत हो चुकी है। कई कस्बे और गांव तबाह हो गए, महत्वपूर्ण पुल बह गए और करीब एक दर्जन जलविद्युत परियोजनाएं ठप हो गईं।
दुनियाभर के घुमक्कड़ पत्रकारों का एक मंच है,आप विश्व की तमाम घटनाओं को कवरेज करने वाले खबरनवीसों के अनुभव को पढ़ सकेंगे
https://www.roamingjournalist.com/