- बंगाल में दो चरणों में होंगे चुनाव,60 लाख वोटर का मतदाता अधर में
चुनाव आयोग ने रविवार को असम विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान कर दिया। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने जानकारी दी कि असम में एक चरण में चुनाव होना है।
पांच राज्यों में चुनावों की घोषणाबंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल पुडुचेरी, बंगाल - दो चरण, २३ अप्रैल, २९ अप्रैल, असम - एक चरण - नौ अप्रैल, तमिलनाडु - एक चरण, २३ अप्रैल, केरल - एक चरण, नौ अप्रैल, पुडुचेरी - एक चरण, नौ अप्रैल, चार मई को परिणाम। चुनाव आयोग ने विज्ञान भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर की और चुनाव की तारीखों का ऐलान किया है। ज्ञानेश कुमार ने कहा, "आयोग ने SIR के लिए बेहतरीन काम करने वाले BLOs को भी सम्मानित किया। आयोग ने युवा और पहली बार वोट डालने वाले मतदाताओं, और हमारे SWEEP आइकन्स के साथ भी बातचीत की, जो मतदाता जागरूकता गतिविधियों में लगे हुए हैं। जैसा कि आप सभी जानते हैं, ये पाँच राज्य और केंद्र शासित प्रदेश भारत के अलग-अलग भौगोलिक और सांस्कृतिक परिदृश्यों का प्रतिनिधित्व करते हैं। ये चुनाव न केवल एक लोकतांत्रिक प्रक्रिया का, बल्कि भारत की सांस्कृतिक समृद्धि का भी प्रतिनिधित्व करते हैं, और सचमुच हमारे राष्ट्र की एकता और विविधता को दर्शाते हैं..."
मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा, "मतदाताओं के बारे में आपको एक छोटा सा ब्योरा देने के लिए, अंतिम सूची के अनुसार असम में लगभग 2.25 करोड़, केरल में 2.7 करोड़, पुडुचेरी में 9.44 लाख, तमिलनाडु में 5.67 करोड़ मतदाता होंगे; और पश्चिम बंगाल में, 28 फरवरी को जारी अंतिम सूची में 6.44 करोड़ मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा, माननीय न्यायाधीशों के निर्णय के बाद जो भी पूरक सूची आएगी, उसे भी इसमें जोड़ दिया जाएगा।चुनाव आयोग की प्रेस वार्ता से पहले पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रदेश के पुरोहितों और मुअज़्ज़िनों को दिए जाने वाले महीने के मानदेय में बढ़ोतरी का ऐलान कर दिया। अपने ट्वीट में उन्होंने लिखा, "मुझे हमारे पुरोहितों और मुअज़्ज़िनों को दिए जाने वाले महीने के मानदेय में ₹500 की बढ़ोतरी की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है, जिनकी सेवा हमारे समुदायों के आध्यात्मिक और सामाजिक जीवन को बनाए रखती है। इस बदलाव के साथ, उन्हें अब हर महीने ₹2,000 मिलेंगे। साथ ही, पुरोहितों और मुअज़्ज़िनों द्वारा सही तरीके से जमा किए गए सभी नए आवेदनों को भी राज्य सरकार ने मंज़ूरी दे दी है..."
'एमसीसी-मोदी की चुनाव प्रचार संहिता': कांग्रेस का EC पर तंज निर्वाचन आयोग द्वारा विधानसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा किए जाने से पहले कांग्रेस ने रविवार को तंज कसते हुए कहा कि चुनाव आचार संहिता (एमसीसी) 2014 से ''मोदी की चुनाव प्रचार संहिता'' का पर्याय बन गई है और यह संहिता ''मानहानि, गाली-गलौज, धमकी, भय फैलाने और झूठ का वायरस फैलाने'' से भरी होगी। विपक्षी दल ने यह भी दावा किया कि जी1 ने ''उद्घाटन, फीता काटने एवं हरी झंडी दिखाने'' के दौर को पूरा कर लिया होगा इसलिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा को जी2 ने हरी झंडी दे दी होगी।'' कांग्रेस अक्सर 'जी2' शब्द का इस्तेमाल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधने के लिए करती है। प्रधानमंत्री और गृहमंत्री दोनों गुजरात से हैं।कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''निर्वाचन आयोग आज शाम चार बजे 2026 विधानसभा चुनाव का कार्यक्रम घोषित करेगा। जी1 उद्घाटन, फीता काटने, हरी झंडी दिखाने और योजनाओं की शुरुआत करने के दौर को पूरा कर चुका होगा इसलिए जी2 ने इसे हरी झंडी दे दी होगी।'' रमेश ने कहा, ''निर्वाचन आयोग की आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) जल्द लागू होने वाली है लेकिन 2014 से यह मोदी की चुनाव प्रचार संहिता का पर्याय बन गई है, जो मानहानि, गाली-गलौज, धमकी, भय फैलाने और झूठ का वायरस फैलाने से भरी होगी।''
कांग्रेस चरणबद्ध तरीके से उम्मीदवारों की घोषणा करेगी: सतीशन केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता वी. डी. सतीशन ने रविवार को कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अधिसूचना जारी होने के तुरंत बाद कांग्रेस अपने उम्मीदवारों की घोषणा विभिन्न चरणों में करेगी। सतीशन ने यहां पत्रकारों से कहा कि सीट बंटवारे को लेकर संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के सहयोगियों के साथ कोई मतभेद नहीं है। उन्होंने कहा, "चुनाव की घोषणा को लेकर अनिश्चितता के कारण सभी पार्टियों ने फिलहाल उम्मीदवारों की घोषणा देरी से करने का फैसला किया। चुनाव घोषित होने के बाद उम्मीदवारों की घोषणा अलग-अलग चरणों में की जाएगी।" उन्होंने कहा कि यूडीएफ सहयोगियों के साथ सीट के बंटवारे को एक अन्य बैठक में अंतिम रूप दिया जा सकता है। उन्होंने कहा, "सीट बंटवारे का मामला अंतिम चरण में है और सहयोगी दलों के बीच कोई मतभेद नहीं है। अगर किसी सीट पर बदलाव की आवश्यकता होगी, तो इस पर चर्चा की जाएगी।" सतीशन ने कहा कि किसी भी सहयोगी दल ने अतिरिक्त सीट की मांग नहीं की है और यूडीएफ पार्टियां अच्छे समन्वय के साथ आगे बढ़ रही हैं।
कोलकाता में TMC-BJP समर्थकों में झड़प मामले में 9 गिरफ्तार: कोलकाता के ब्रिगेड परेड मैदान में शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की रैली से पूर्व टीएमसी और भाजपा समर्थकों के बीच हुई झड़प के मामले में नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शनिवार देर रात चार लोगों को जबकि आज सुबह पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा, "झड़पों के संबंध में अबतक नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। कानूनी कार्रवाई की जा रही है।" तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के समर्थकों के बीच शनिवार को मध्य कोलकाता में ब्रिगेड परेड ग्राउंड में प्रधानमंत्री की रैली से लगभग आधा घंटा पहले झड़प हुई थीं। आरोप है कि इस दौरान गिरिश पार्क इलाके में पश्चिम बंगाल की मंत्री शशि पांजा के आवास पर पत्थर फेंके गए। हिंसा रैली स्थल से लगभग पांच किलोमीटर दूर हुई जब भाजपा समर्थक प्रधानमंत्री की जनसभा में शामिल होने जा रहे थे।
असम चुनाव: रायजोर दल ने किया दो और उम्मीदवारों का ऐलान असम में विपक्षी रायजोर दल ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए दो और निर्वाचन क्षेत्रों पर उम्मीदवारों की घोषणा की है। इसके साथ ही पार्टी द्वारा अब तक घोषित उम्मीदवारों की कुल संख्या 13 हो गई है। पार्टी अध्यक्ष एवं विधायक अखिल गोगोई द्वारा शनिवार को जारी बयान के अनुसार, नौबोइचा निर्वाचन क्षेत्र से हरिकांत दास और धेमाजी से बाबुल सोनोवाल को चुनाव मैदान में उतारा गया है। राज्य में विपक्षी गठबंधन का हिस्सा रहे रायजोर दल ने कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे पर बातचीत विफल होने के बाद इस चुनाव में अकेले उतरने का फैसला किया है। इससे पहले, पार्टी ने चार मार्च को 11 विधानसभा क्षेत्रों के लिए उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की थी। पिछले विधानसभा चुनाव में अखिल गोगोई ने शिवसागर सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में जीत हासिल की थी और सदन में पार्टी के एकमात्र विधायक के रूप में प्रतिनिधित्व किया था। हालांकि, इस बार जारी की गई दोनों सूचियों में से किसी में भी उनका नाम शामिल नही है। असम की 126 सदस्यीय विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी के 64 विधायक हैं, जबकि उसके सहयोगी असम गण परिषद के नौ, यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल के सात और बोडो पीपुल्स फ्रंट के तीन विधायक हैं। विपक्ष में कांग्रेस के 26 सदस्य, ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट के 15 सदस्य, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी का एक विधायक और एक निर्दलीय विधायक है। ( अशोक झा की रिपोर्ट )
#ECI #बंगाल #असम #केरलम #तमिलनाडु
दुनियाभर के घुमक्कड़ पत्रकारों का एक मंच है,आप विश्व की तमाम घटनाओं को कवरेज करने वाले खबरनवीसों के अनुभव को पढ़ सकेंगे
https://www.roamingjournalist.com/