उत्तर बंगाल के कूचबिहार ज़िले के तूफानगंज में सोमवार को पुलिस के सामने ही भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों की पिटाई का आरोप तृणमूल कांग्रेस पर लगा है। इस प्रदर्शन में शामिल होने के लिए भाजपा नेताओं के साथ तूफानगंज की भाजपा विधायक मालती रावा राय भी पार्टी कार्यालय पहुंचीं। भाजपा का आरोप है कि जैसे ही विधायक मालती रावा राय पार्टी कार्यालय के बाहर पहुंचीं, तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें घेर लिया और गो बैक के नारे लगाने लगे। इसके बाद भाजपा कार्यालय के सामने तीव्र तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। भाजपा ने दावा किया कि तृणमूल कार्यकर्ताओं ने पुलिस की मौजूदगी में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को सरेआम सड़क पर गिराकर पीटा। दोनों पक्षों के बीच हाथापाई हुई, जिससे मुख्य सड़क पर जाम लग गया। बाद में पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रण में लिया। उल्लेखनीय है कि रविवार, पांच अक्टूबर को भी उत्तर बंगाल में हालात बेहद तनावपूर्ण रहे थे। मालदा उत्तर के भाजपा सांसद खगेन मुर्मू और सिलिगुड़ी के विधायक शंकर घोष जब बामनडांगा इलाके का दौरा कर रहे थे, तब उन पर हमला कर दिया गया। हमलावरों ने लाठी और जूते से भाजपा नेताओं पर हमला किया और ईंटें फेंकीं। इस हमले में सांसद खगन मुर्मू गंभीर रूप से घायल हुए। उनकी आंख के नीचे की हड्डी टूट गई। फिलहाल वे सिलिगुड़ी के एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि विधायक शंकर घोष को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है। ( बंगाल से अशोक झा की रिपोर्ट )
#bengal #rape #tmc #bjp
दुनियाभर के घुमक्कड़ पत्रकारों का एक मंच है,आप विश्व की तमाम घटनाओं को कवरेज करने वाले खबरनवीसों के अनुभव को पढ़ सकेंगे
https://www.roamingjournalist.com/